महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 फरवरी। वन मंडल अधिकारी पंकज राजपूत के निर्देशन में उप मंडल अधिकारी अनिल भास्कर के मार्गदर्शन व वन परिक्षेत्र अधिकारी सरायपाली प्रत्यूष टांडेय के नेतृत्व में उप वनमंडल कार्यालय, वन परिक्षेत्र कार्यालय में अग्नि सुरक्षा से संबंधित कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें समस्त सहायक परिक्षेत्र अधिकारी, परिसर रक्षी, संबंधित वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष, सदस्य, सरपंच, सचिव व कोटवार एवं अग्नि प्रहरी सुरक्षा श्रमिक उपस्थित रहे।
वन विभाग से मिली जानकारी अनुसार ग्रीष्मकाल प्रारंभ होते ही वनों में आग लगने की घटना प्राय: होती है। जंगल की आग से होने वाले पेड़ों का नुकसान जलवायु परिस्थितियों को बाधित कर सकता है। जिससे कार्बन श्रृंखला टूटने का खतरा है। जंगल की आग से कई जानवरों की मौत भी हो सकती है। वहीं कुछ जानवरों के आवास नष्ट हो जाते हैं। जिससे वे शहरों व गांवों की ओर भागने लगते हैं। वर्ष 2024 में अग्नि वर्ष 15 फरवरी से प्रारंभ हो रहा है। जिसे देखते हुए अग्नि से जंगलों को बचाना विभाग की प्रथम प्राथमिकता है। इसी परिप्रेक्ष्य में आयोजित उक्त कार्यशाला में वनों को आग से बचने के लिए दिशा निर्देशन दिए गए। साथ ही वनों की निकट खेतों में अपशिष्ट जलाने के समय सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।
इसके अलावा वन क्षेत्र से शहद, महुआ के फूल अथवा अन्य किसी गैर प्रकाष्ठ वन उत्पादन के संग्रहण के लिए आग का प्रयोग नहीं करने के लिए कहा गया। वन परिक्षेत्र नवम् सरायपाली अंतर्गत वनों को आग से बचाने के लिए सिंघोड़ा सर्कल में चार कैंप, सरायपाली में तीन कैंप, पालीडीह सर्कल में दो कैंप एवं बलौदा सर्कल में तीन कैंप लगाया जाना है। जिसके तहत कहीं भी अग्नि की घटना होने पर संबंधित कैंप के अग्नि प्रहरी एवं सुरक्षा श्रमिकों को तत्काल घटनास्थल पर उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया है।