महासमुन्द

राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन पर कुलदीप निगम स्कूल में जागरुकता अभियान
13-Feb-2024 2:43 PM
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन पर कुलदीप निगम स्कूल में जागरुकता अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,13 फरवरी।
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 30 जनवरी से 13 फरवरी तक में स्पर्श कुष्ठ जनजागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कल शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्रा में जागरुकता अभियान चलाया गया। 

प्राचार्य सुबोध तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी अपने वर्धा आश्रम में कुष्ठ रोगियों को रखकर उनका उपचार किया करते थे। उन्होंने बहुत पहले ही कुष्ठ मुक्त भारत का सपना देखा था। उसी संकल्प को लेकर आज हम यह जागरुकता अभियान चला रहे हैं। बहुत से पाश्चात्य देशों ने कम संसाधनों के माध्यम से ही कुष्ठ रोग को अपने देश से दूर भगा दिया है लेकिन हम आज भी भारत में इसे ढो रहे हैं और खासकर हमारा प्रदेश छत्तीसगढ़। 

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोमाखान के कुष्ठ रोग सेक्टर प्रभारी अरुण शुक्ला ने चित्र व फोल्डर के माध्यम से कुष्ठ रोग के प्रारंभिक लक्षण, पहचान व निदान की संपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुष्ठ जिसे लेप्रोसी भी कहा जाता है, एक बैक्टेरियल रोग है, जो मानव त्वचा व तंत्रिकाओं को प्रभावित करता है। यह रोग माइक्रोबैक्टेरियम लेप्री नामक कीटाणु से होता है, जो मानव शरीर में धीरे-धीरे विकसित होता है। तंत्रिकाओं के प्रभावित होने से ही इस रोग में विकृतियां होती हैं। कुष्ठ रोग के संक्रमण का हला संकेत एक छोटे से दाग के रूप में होता है। बहु औषधि उपचार प्रणाली दवा के संयोजन से जो बहुत ही कारगर दवा है, समय पर लेने से रोग व विकृतियां से बचाता है।

इस रोग के इलाज की दिशा में प्रगति, पीडि़तों के लिए सरलता से जांच व इलाज की उपलब्धता बेहतर करने साथ ही कुष्ठ रोग से जुड़े कलंक को मिटाने और कुष्ठ रोगियों को बेहतर जीवन देने के लिए सामाजिक प्रयासों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में आयुष्मान आरोग्य मंदिर नर्रा के आरएचओ डिगेंद्र परमार ने भारत को कुष्ठ मुक्त बनाने के लिए शपथ दिलाई। इस दौरान कांता प्रसाद साहू, जयंत साहू, स्कूल स्टॉफ  व विद्यार्थी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट