महासमुन्द
सडक़ किनारे की गुमटियां उड़ीं, सुबह भी हल्की बारिश के बाद तेज ठंडी हवाएं चलती रहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 फरवरी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते कल शाम से एकाएक मौसम का मिजाज बदला और जिले के कई स्थानों पर ओले के साथ बारिश हुई। आधी रात के बाद गरज के साथ जोरदार अंधड़ बारिश हुई।
मालूम हो कि बीते दो दिनों से शहर सहित अंचल में ठंडी हवाएं चल रही थी। आज सुबह भी हल्की बारिश के बाद तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने भी प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश अंधड़ का पूर्वानुमान लगाया था।
कल शाम लगभग 7.30 बजे के आसपास हवा के साथ बारिश हुई तथा बसना के गढफ़ुलझर व बया क्षेत्र में ओले पड़े। पिथौरा और सरायपाली में भी बारिश हुई। जबकि बागबाहरा क्षेत्र में ठंडी हवा चलने से ठिठुरन बढ़ी है। बया क्षेत्र में कल रविवार शाम अचानक हुई बारिश से कई पेड़ धराशाई हो गए हैं। बारिश के बीच इस वक्त जिले के 182 उपार्जन केंद्रों में भारी मात्रा में धान जाम है।
कल शाम जिला मुख्यालय में लगभग 15 मिनट तथा हवा चली तथा वातावरण में थी। आधीरात बारिश के बाद आज सुबह हल्की बारिश के चलते ठंडी बढ़ी है। मिली जानकारी के अनुसार इस बारिश से सरसों, आम की फसल को नुकसान पहुंचने की संभावना है। अभी-अभी सप्ताह भर से आम के पेड़ों में मौर बिखाई दे रहे हैं। वहीं सरसों की फसल में फूल लग रहे हैं।
बेमौसम बारिश होने और ओले गिरने से इनमें लगे फूल झड़ रहे हैं। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक जिले के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के भी आसार बताया है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है।
बहरहाल समाचार लिखते तक सुबह के साढ़े 10 बजे हैं और आसमान में काली घटा छाई हुई। जिले के अंतिम छोर सरायपाली के इलाके में भी तेज हवाएं चल रही हैं। दीपांशु मुखर्जी विषय वस्तु विशेषज्ञ, कृषि मौसम विज्ञान केंद्र महासमुंद ने बताया कि आगामी 14 फरवरी तक महासमुंद जिले में मौसम खराब रहने की आशंका है।
धान खरीदी केंद्रों में उठाव की गति धीमी
बारिश के बीच इस वक्त जिले के 182 उपार्जन केंद्रों में भारी मात्रा में धान जाम है। यहां उठाव की गति धीमी है। उठाव के नाम पर केवल मोटे धान का ही उठाव हो रहा है, जबकि सरना धान का जिले भर में कहीं भी उठाव नहीं हो रहा है जिसके चलते अब प्रबंधकों की परेशानी बढ़ गई है। एकाएक मौसम खराब होने की वजह से केंद्रों में धान भींगने से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
हालांकि इस वर्ष सभी सोसायटियों में कैप कवर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। चरोदा सोसायटी के प्रबंधक जयप्रकाश साहू ने बताया कि मौसम खराब होने से चिंता तो बनी हुई है। क्योंकि खराब मौसम में उठाव के दौरान यदि तेज बारिश होती है,तो धान भींगने का खतरा रहता है।
बारिश से भारी नुकसान की खबर
बया क्षेत्र में रविवार शाम अचानक हुई बारिश से कई पेड़ धराशाई हो गए हैं। इससे मुख्य मार्ग कुछ देर के लिए बंद हो गया। इस क्षेत्र में अचानक ओले गिरने व बारिश से भारी नुकसान की खबर है। सडक़ किनारे के ठेले, गुमटियां भी तूफान में उड़ जाने की खबर है। जबकि सांकरा, देवरी और गढफ़ुलझर अंचल में आधे घंटे के ओलावृष्टि से धान, गेंहू के साथ.साथ सभी फसलों को भयंकर नुकसान हुआ है। ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है।