महासमुन्द

मेडिकल कॉलेज में सीएमईआईपीसी का आयोजन, देशभर के विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिया
11-Feb-2024 2:36 PM
मेडिकल कॉलेज में सीएमईआईपीसी का आयोजन,  देशभर के विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 फरवरी।
देशभर में आए अतिथि चिकित्सकों एवं चिकित्सा वैज्ञानिकों ने शनिवार को मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं, उपकरण व निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का अवलोकन कर स्थानीय टीम को विशेष मार्गदर्शन भी दिया। चिकित्सा वैज्ञानिकों ने यहां बनने वाले भवन तथा नई सुविधाओं के विषय में भी गंभीरता से चर्चा की। 

इस दौरान मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. खान, एमएस डॉ. बसंत कुमार माहेश्वरी, प्रो. डॉ.एआर वर्मा, माइक्रोबायोलॉजी विभाग के डॉ.ओंकार कश्यप सहित बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र-छात्राएं एवं डॉक्टर्स उपस्थित थे।

शनिवार को रायपुर मार्ग स्थित निर्माणाधीन मेंडिकल कॉलेज के समीप सांस्कृतिक भवन में सीएमईआईपीसी 2024 का भव्य आयोजन किया गया। इस सेमीनार में देशभर के प्रसिद्ध मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के वरिष्ठ चिकित्सकों ने यहां के चिकित्सकों तथा मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं को संक्रमण तथा इसके निदान से संबंधित प्रशिक्षण दिया। कोविड 19 के बाद पहली बार संक्रमण से संबंधित सेमीनार की मेजबानी महासमुंद ने की। जिसमें देशभर के प्रसिद्ध चिकित्सकों द्वारा नए डॉक्टर्स को संक्रमण को लेकर अलर्ट तथा बचाव हेतु आवश्यक कदम पर विस्तार से चर्चा हुई।

बताया गया कि इस सीएमईआईपीसी 2024 का उद्देश्य कोविड के बाद सूक्ष्म जीव विज्ञान के क्षेत्र में संक्रमण की रोकथाम और नया दृष्टिकोण प्रदान करना है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने सेमीनार में अपने महत्वपूर्ण अनुभवों को साझा किया। मिली जानकारी के अनुसार सीएमसी 2024 में माइक्रोबायोलॉजी विषय पर व्याख्यान के लिये प्रमुख वक्ताओं में प्रो. डॉ. मनीषा बिस्वाल, प्रो.माइक्रो बायोलॉजी चंडीगढ़ डॉ. अनुदिता भार्गव, हेड आफ डिपार्टमेंट माइक्रोबायोलॉजी एम्स रायपुर डॉ. अरूणा पुजारी, लेबोरेट्री डायरेक्टर मुंबई डॉ.अनिल कुमार सिंग, प्रोफेसर डॉ.एस श्रीनाथ क्रिटिकल केयर अस्पताल भिलाई, डॉ.सत्येन्द्र फुलझेले आर्थो डिपार्टमेंट जीएमसी महासमुंद ने अपना वक्तव्य रखा। 

प्रथम पाली में राष्ट्रीय निगरानी गाइडलाइन विषय पर संबोधित करते हुये डॉ.मनीषा बिस्वाल ने कहा कि कोरोना काल के दौरान जब देश भी कोविड 19 की महमारी फैली तो देश भर में नये वायरस को संज्ञान में लेकर काफी चुनौतियां थंी। जब भी और कोई नया वायरस का जन्म होता है तो निश्चित रूप से उससे बड़े पैमाने पर मृत्यु होती है। कोविड से भी हमें सीख लेने की आवश्यकता है। इसलिये वायरस संक्रमण से निबटने के लिये गाइड लाइन का पालन करना अति आवश्यक है। 

उन्होंने कहा कि 100 बेड अस्पताल पर एक डॉक्टर,व कुशल प्रशिक्षित नर्स का होना जरूरी है। डॉ. अनुदिता भार्गव ने किसी भी प्रकार के प्रकोपों की जांच के विषय में व्याख्यान दिया। किसी भी प्रकार के संक्रमण की प्राथमिक जांच के बाद बायोलॉजी लैब में उसकी जांच की जानी चाहिये। ताकि हम संबंधित बीमारियों या फिर किसी नये वायरस से परिचित हो सकें। 

मुंबई से आई डॉ.अरूणा पुजारी ने निगरानी पर मेडिकल छात्रों को व्याख्यान दिया। इसी प्रकार दूसरी पाली में डॉ.अनिल कुमार सिंग ने पोस्ट एक्सपोज, डॉ.एस श्रीनाथ ने देखभाल तथा डॉ.सत्येन्द्र फुलझेले ने जोड़ों में संक्रमण को लेकर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ.अनिल कुमार सिंग तथा सचिव डॉ.निजा मोंगा थे। 


अन्य पोस्ट