महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 फरवरी। विशाखापट्टनम में आयोजित सातवीं अंतरराष्ट्रीय कराते चैंपियनशिप-2024 में सरोजिनी खटकर ने न सिर्फ भारत का प्रतिनिधित्व किया बल्कि सिंगल कुमिते सीनियर महिला वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रौशन किया है।
ग्राम सूखापाली निवासी भक्त प्रसाद खटकर व गौरीबाई की बेटी सरोजिनी खटकर ने 3 व 4 फरवरी को आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम में यूनाइटेड शुतोकान कराते डू इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में गोल्ट मैडल जीता है। इसमें भारत, भूटान, नेपाल, बांग्लादेश, जापान, सऊदी अरब, ईरान सहित नौ देशों के खिलाड़ी शामिल हुए थे। सरोजिनी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने प्रशिक्षक व परिजनों को दिया है। सरोजिनी के शिक्षक रामकुमार मैत्री ने बताया कि वह शुरू से ही एक अच्छी धाविका रही है और खेल के प्रति रूचि होने से उसने यह सफलता हासिल की है।
मालूम हो कि वर्तमान में सरोजिनी शासकीय हाई स्कूल रोहिना (महासमुंद) में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा योजना के तहत छात्राओं को प्रशिक्षण दे रही हैं। सरोजिनी खटकर का चयन सातवीं अंतरराष्ट्रीय कराते चैंपियनशिप में होने की जानकारी सरायपाली विधायक चातुरी नंद होने पर उन्होंने विशाखापट्टनम जाने का प्रबंध करते हुए कहा कि क्षेत्र के किसी भी खिलाड़ी के आगे बढऩे के रास्ते में आर्थिक तंगी आड़े नहीं आएगी। शासकीय हाई स्कूल रोहिना के प्रभारी प्राचार्य अजय कुमार जायसवाल, स्कूल के सभी शिक्षकों तथा ग्रामीणों और परिजनों ने सरोजिनी को शुभकामनाएं दी हैं।