महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 फरवरी। पुलिस अधीक्षक महासमुंद आशुतोष सिंह के मार्गदर्शन में तुमगांव पुलिस ने दो आरोपियों से 9.426 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। ज्ञात हो कि पुलिस अधीक्षक महासमुंद आशुतोष सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव द्वारा समस्त थाना चौकी प्रभारियों को जिले में अवैध गांजा के परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। जिस पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अजयशंकर त्रिपाठी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तुमगांव ने अपनी टीम के साथ बीते 9 जनवरी को मुखबीर सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार मुखबिर की निशानदेही पर झलप की तरफ से मोटर सायकल में आ रहे दो युवकों को पिरदा मोड़ के पास रोका गया। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम अजय कुमार साहू (24) एवं करण यादव (24) ओडिशा बताया। गवाहों के समक्ष विधिवत कार्रवाई में तलाशी के दौरान आरोपियों के पास रखे बैग में 9 पैकेट गांजा वजनी 9.426 किलोग्राम बरामद किया गया। गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त एक मोटर सायकल को जब्त किया गया।
आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 23-2024 धारा 20 ख एनडीपीएस एक्ट पंजीबद्ध कर कार्रवाई कर दोनों को न्यायालय पेश कर रिमांड में जेल भेजा गया है। -