महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 फरवरी। मौसम में परिवर्तन का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है और वे बीमार हो रहे हैं। सुबह-शाम व रात ठंड और दिनभर हल्की गर्मी पड़ रही है। इस कारण सर्दी, बुखार और खांसी के मरीज बढ़ रहे हैं और मरीज बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों व बुजुर्गों की संख्या अधिक है।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ही रोजाना 550 मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इनमें 200 सर्दी-खांसी और बुखार से पीडि़त हैं। मालूम हो कि तापमान में उतार-चढ़ाव से अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ी है। पहले जिला अस्पताल की ओपीडी में 450 मरीज पहुंच रहे थे। अभी रोजाना 550 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें ज्यादातर सर्दी-खांसी और बुखार से पीडि़त हैं। इसमें सबसे अधिक बच्चे व बुजुर्ग चपेट में आ रहे हैं। शरीर में प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाने के कारण मौसमी बीमारियां हावी हो रही हैं।
ऐसे में जिला अस्पताल में ओपीडी की संख्या बढ़ रही है। इसके अलावा स्कीन एलर्जीए आंखों आदि की समस्या लेकर लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। हालांकि इनकी संख्या अभी कम है। हाल ही में उत्तर से आ रही ठंडी और शुष्क हवा से तापमान गिर गया था। अब मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना भी जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में द्रोणिका के रूप में 5.8 किमी ऊंचाई पर 70 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसके कारण न्यूनतम तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना कम है। मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अत: थोड़ी सी लापरवाही बीमारी को बढ़ा रही है। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों में भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा सर्दी-खांसी और बुखार से पीडि़त हैं।