महासमुन्द

लोकसेवा केंद्र कार्यालय में सर्वर की समस्या
10-Feb-2024 2:27 PM
लोकसेवा केंद्र कार्यालय में सर्वर की समस्या

मात्र 2 मशीन के भरोसे आधार अपडेट 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 फरवरी।
महासमुंद जिला मुख्यालय में आधार अपडेट कराने के लिए लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोकसेवा केंद्र कार्यालय में सर्वर की समस्या से अपडेशन में काफी समय लग रहा है। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में वार्डों में शिविर लगाकर अपडेट किया जाता रहा है। जिसकी वजह से लोगों को भीड़ का सामना नहीं करना पड़ता था। लेकिन अब केवल पोस्ट ऑफिस तथा लोक सेवा केन्द्र में ही स्थानों पर आधार अपडेट किया जा रहा है। जिसकी वजह से शहर तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोग लोक सेवा केंद्र में सर्वाधिक पहुंच रहे हैं।

महासमुंद में मात्र 2 मशीन के भरोसे आधार अपडेट किया जा रहा है। जिसकी वजह से लोगों को 3 से 4 बार चक्कर लगाना पड़ रहा है। आधार के फॉर्म में इतने बारीक खाने दिए हुए हैं कि अनेक लोग उसे भर नहीं पाते। अगर थोड़ी भी जानकारी मिली कि आधार कार्ड गलती हुई तो फॉर्म रिजेक्ट हो जाता है। जिसकी वजह से दूसरे दिन आधार धारक को फिर फॉर्म भरने की औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती है। 

शहर में इन दिनों नए आधार कार्ड बनाने, पुराने आधार कार्डों में अपडेट कराने अन्य किसी भी तरह का संशोधन कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा केवल तहसील कार्यालय मशीन की व्यवस्था की गई है। यह सेवा लोक सेवा केंद्र के माध्यम से है। इस केंद्र पर हर रोज बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। इस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आधार कार्ड अपडेट कराने लोकसेवा केंद्र पहुंची लभरा की किशोरी रामेश्वरी यादव दोनों आंखों से दिव्यांग है। उसका पुराना आधार अपडेट करने जमा तो कराया गया। लेकिन जमा कराने के बाद 4 घंटे तक उसका नाम ही नहीं लिया गया। उक्त किशोरी के पूर्व अनेक लोगों के आधार को तुरंत अपडेट कर दिया गया। 

इसी तरह यहां पहुंचे प्रमोद कुमार, अजीत सिंह का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से अपने पुत्र के आधार कार्ड में हुई गलती ठीक कराने के लिए रहे हैं। लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें हर बार वापस लौटना पड़ रहा है। शहर में जब आधार कार्ड बनाने लोकसेवा केंद्र की स्थापना हुई तोस्थानीय लोगों को काफी खुशी हुई थी क्योंकि जहां निजी संस्थान अपनी  मनमर्जी से लोगों से कार्ड बनाने के एवज में फीस वसूलने में लगे थे, और उन संस्थानों की वेटिंग भी बहुत ज्यादा थी। लेकिन लोकसेवा केंद्र कार्यालय से लोगों को निराश ही होकर लौटना पड़ रहा है। क्योंकि यहां सर्वर लगातार डाऊन होने की बात कही जा रही है। स्थिति यह है कि इस प्रक्रिया के अंतर्गत ओटीपी नंबर लोगों तक नहीं पहुंच रहा है। जिस कारण आधार कार्ड बनाने में काफी दिक्कत हो रही है। एजेंसी की ओर से प्रयास जारी है,लेकिन कभी सर्वर में दिक्कत तो कभी अन्य तकनीकी परेशानी के कारण काम प्रभावित हो रहा है। विभागीय जानकारी के मुताबिक अगले सप्ताह तक समस्या दूर होने की संभावना है। 

जानकारी अनुसार लोकसेवा केंद्र में सरकार की ओर से महज दो दिन में आधार कार्ड बनाने के निर्देश हैं। लेकिन इस वक्त इस केंद्र में अपडेट कराने के लिए ही 4,5 दिन लगाए जा रहे हैं। बाद भी लोगों के हाथों में महज आधार कार्ड निर्माण प्रक्रिया की स्लिप ही है। इन दिनों महतारी बंदन योजना के तहत फॉर्म भी भराया जा रहा है। इसकी 20 तारीख अंतिम तिथि है। फलस्वरूप महिलाएं आधार अपडेशन हेतु लोक सेवा केंद्र में जुट रही हैं। 

कुछ स्थानों पर और केंद्र जरूरी लोक सेवा केंद्र के माध्यम से नये आधार कार्ड बनाने आधार कार्डों में संशोधन करने वाले ऑपरेटरों का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक कई स्थानों पर मशीनें शुरू करने का विचार था। लेकिनए ऐसा हुआ नहीं। जिस कारण एक मशीन होने तथा दुरुस्ती कराने वालों की संख्या अधिक होने के कारण केंद्र में भीड़ रहती है। अगर एक से अधिक मशीनें वर्किंग में हो जाएं तो आधार कार्ड बनवाने वालों को, आधार कार्ड में किसी भी तरह की गलती ठीक कराने वालों को परेशानी नहीं होगी। 


अन्य पोस्ट