महासमुन्द
महतारी वंदन फार्म भरने महिलाएं भटक रहीं
फॉर्म पर पार्षद के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं, पर वे फोन उठाने से भी बच रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 फरवरी। बीते 6 फरवरी से महतारी वंदन योजना का फॉर्म र्म भरना शुरू हुआ और इसी दिन महासमुंद के सभी पार्षद गोवा टूर पर निकल पड़े।
नाम न छापने की शर्त पर एक पार्षद ने बताया कि वार्ड-1, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 15, 19, 21, 22, 23, 24, 25, 26 के पार्षद गोवा में हैं। इनमें कुछ पार्षद प्रतिनिधि भी हैं, जो पार्षदों के दायित्व का निर्वहन नगर पालिका सीमा क्षेत्र में करते हैं। इनमें अधिकांश पार्षद भाजपा के हैं। लिहाजा महतारी वंदन योजना में नगर पालिका के 30 में से 18 पार्षद गोवा टूर पर हैं और महिलाएं घर और नपा के चक्कर लगा रही हैं।
प्रदेश सहित महासमुंद जिले में इस समय महतारी वंदन योजना के लिए महिलाओं से फॉर्म भरवाए जा रहे हैं और इसी समय नगर पालिका के कई पार्षद गोवा प्रवास पर हैं। उनके इस टूर की वजह से सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना का फॉर्म लेकर महिलाएं दर-दर भटक रही हैं। क्योंकि फॉर्म पर पार्षद के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं।
इस गोवा ट्रिप के बारे में बताने को कोई भी तैयार नहीं है कि किस उद्देश्य से और किसके खर्चे पर यह टूर आयोजित किया गया है।
सूत्रों के अनुसार नगर पालिका के एक-दो नहीं बल्कि 30 में से 18 पार्षद अचानक शहर से नदारद हो गए हैं और महतारी वंदन योजना का फॉर्म लेकर भटक रही हैं। इसके बाद पार्षदों का यह टूर मुद्दा बना और पड़ताल शुरू हुई। अब सवाल का जवाब देना न पड़े, इसलिए पार्षद फोन उठाने से भी बच रहे हैं।
मालूम हो कि महतारी वंदन योजना का फॉर्म भरने में महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। महासमुंद नगर पालिका अंतर्गत शहर में भी सालाना 12 हजार रुपए के लिए महिलाएं फ ॉर्म भर रही हैं। वहीं कम पढ़ी-लिखी महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इनमें उन महिलाओं की संख्या अधिक है, जो झुग्गी झोपड़ी में निवासरत हैं। महतारी वंदन के फॉर्म में निवास प्रमाण पत्र के अलावा परित्यक्ता और विधवा प्रमाणित करने के लिए वार्ड पार्षद के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं।
निवास प्रमाण पत्र, परित्यकता या विधवा होने का प्रमाण संबंधित वार्ड के पार्षदों को ही फ ॉर्म में हस्ताक्षर कर करना है, लेकिन 30 वार्डों में से 18 वार्ड के पार्षद गोवा टूर पर हैं। महिलाएं फ ॉर्म में हस्ताक्षर के लिए पार्षदों के घर या फिर नगर पालिका के चक्कर लगा रही हैं। हालांकि आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ता महिलाओं की मदद कर रहे हैं।
पार्षदों को जल्द लौटने कहूंगी-रश्मि चंद्राकर
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर ने कहा कि महतारी वंदन योजना के लिए कम समय दिया गया है। फॉर्म का फ ॉर्मेट बहुत ज्यादा है। पार्षदों की जिम्मेदारी बनती है कि लोगों को अधिक से अधिक लाभ दिलाएं। उन्हें लोगों की चिंता होनी चाहिए और कोशिश होनी चाहिए कि अधिक से अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिले। पार्षदों को जल्द लौटने कहूंगी।
एक-दो दिनों में दूर से लौटेंगे पार्षद-रूपकुमारी
इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि पार्षदों का सामूहिक टूर पहले से निर्धारित था। टूर रद्द नहीं किया जा सकता था। पार्षद एक-दो दिनों में टूर से लौटेंगे। फॉर्म भरने में भाजपा कार्यकर्ता और कुछ पार्षद इस काम में लगे हुए हैं।