महासमुन्द
नागरिकों ने सीएमओ को सौंपा पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 फरवरी। बागबाहरा के स्थानीय वार्ड 10 स्थित श्मशान घाट के आसपास व नपा का कचरा डम्प भूमि सहित वार्ड 6,7,9 एवं पुरानी रिंग रोड़, शराब दुकान तक क्षेत्र में अतिक्रमण कर बन रहे मकानों के अवैध निर्माण को लेकर नागरिकों में आक्रोश पनप रहा है।
इस संबंध में नागरिकों ने नपा सीएमओ को लिखित आवेदन देकर मांग की है कि उक्त गतिविधियों पर रोक लगाकर कार्रवाई की जाये,वरना आंदाोलन होगा। इसमें नपाध्यक्ष सहित वार्ड 6 एवं 9 के पार्षदों ने अपना समर्थन देते हुए हस्ताक्षर किये हैं।
उन्होंने चेतावनी दी है कि शीर्घ कार्रवाई नहीं की गई तो नपा का घेराव कर प्रदर्शन करने मजबूर होंगे। ज्ञापन के बाद नपा ने अवैध निर्माण अतिक्रमण करने वालों को नोटिस देना शुरू कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि पेट्रोल पम्प के पीछे वार्ड 6,7,8 एवं वार्ड की सीमा से लगे श्मशान घाट के विशाल भूमि क्षेत्र पर लगभग 15 वर्ष पूर्व तत्कालीन नपा परिषद ने श्मशान घाट में 4 एकड़ क्षेत्र की चाहर दिवारी बनाये जाने के दौरान नागरिकों के शेष भूमि पर अतिक्रमण होने की आशंका व्यक्त करते हुये उसे भी सुरक्षित करने का विषय उठाते हुये उसे चिन्हाकिंत कर व्यवस्था करने की मांग की थी।
इस पर चाहर दिवारी के बाहर नपा ने जेसीबी से काफी बड़े भाग पर ट्रेन्च खोद कर सीमा चिन्हाकिंत किया था। उस क्षेत्र में वर्षों से नपा का कचरा डम्प भी होता है। जिसे डम्प यार्ड भी कहा जाता रहा। लेकिन जिस तरह से उक्त क्षेत्र में तेजी से भवन निर्माण कर अतिक्रमण हो रहा है। नागरिकों ने इस विषय को नपा की उदासीनता निरूपित कर भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त करते हुये कार्रवाई हेतु आवेदन दिया है।
आवेदन में लिखा गया है कि उक्त शासकीय भूमि को कुछ लोगों द्वारा कब्जा किया जाकर प्लाटिंग करके बेचा जा रहा है। कुछ समाज में चलन है कि शव का अग्नि संस्कार ना करके शव का अंतिम संस्कार जमीन में दफना कर करते हैं। इस प्रकार उक्त क्षेत्र में अतिक्रमण होने से वार्ड 6,7,9 के लोगों को भारी असुविधा हो रही है। यहां तक कि आने जाने का रास्ता भी बाधित हो गया है।
नपा अध्यक्ष हीरा सेतराम बघेल उक्त क्षेत्र के वार्ड 9 की पार्षद भी हैं। उनके अलावा वार्ड 6 पार्षद हेमिन बाई ठाकुर एवं वार्ड 10 पार्षद आशा राम बांधे सहित डेमन कुमार, भुनेश्वर ठाकुर आदि ने आवेदन में उल्लेख किया है कि लालपुर कर्रापारा स्थित श्मशान घाट से लगी पुरानी रिंग रोड़ शराब माफिया द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। उन्होंने आवेदन में स्थल निरीक्षण व जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री बर्मन ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद इस विषय की गंभीरता को देखते हुये बेजा कब्जाधारियों को नोटिस देना शुरू कर दिया गया है।