महासमुन्द
महासमुंद, 5 फरवरी। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि महतारी वंदन योजना भाजपा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। सरकार बनाने में इस योजना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सरकार बनते ही प्रदेश के सभी विवाहित महिलाओं को 1 हजार रुण् प्रतिमाह देने का वादा किया था, उनका धोखा आज सामने आ गया है। प्रदेश में एक करोड़ विवाहित महिलाएं हैं, लेकिन इस योजना का लाभ लेने जो पात्रता तय की गई है, इससे पता चल रहा है, कि भाजपा ने छग की माताओं, बहनों के साथ धोखा किया है।
यह सरकार भगवा नहीं ठगवा सरकार है। ठगवा सरकार अपना असली रंग दिखाना शुरू कर चुकी है। इससे पूर्व किसानों को 3100 रुपए एकमुश्त भुगतान का वादा किया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि साय सरकार ने महतारी वंदन योजना के लिए जो पात्रता तय किया है, उसमें प्रदेश के 70 लाख से अधिक महिलाएं अपात्र हो जाएंगी। जिनके परिवार का कोई भी सदस्य आयकर दाता, शासकीय विभाग, उपक्रम मंडल, स्थानीय निकाय में अस्थायी, संविदा, द्वितीय, तृतीय वर्ग के कर्मचारी-अधिकारी हों, वे इस योजना से अपात्र होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मोदी की गारंटी पूरी तरह फेल हो चुकी है। जिस आशा और विश्वास के साथ प्रदेश के 1 करोड़ महिला मतदाताओं ने मतदान किया था, भाजपा सरकार उस विश्वास पर खरा नहीं उतर पाई है।
केंद्रीय मंत्री मनसूख मंडाविया ने अपने भाषण में कहा था कि रमन सिंह की पत्नी और भूपेश बघेल की पत्नी को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। आज जो क्राइटेरिया बनाया गया है, उसमें एक संविदा कर्मचारी की पत्नी भी इस योजना से वंचित होते दिख रहा है। इससे साफ जाहिर होता है कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की माताओं बहनों को बरगलाकरए झूठे सब्जबाग दिखाकर सत्ता हासिल किया। अब नियमों की झड़ी लगाकर उन्हें योजनाओं का लाभ लेने से सुनियोजित तरीके से वंचित कर रही है। योजना का लाभ देने सरकार की नीयत साफ नहीं है। आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की माताएं.बहनें भाजपा के वादाखिलाफी का हिसाब करेगी।