महासमुन्द

पुल निर्माण की जद में आए चिह्नांकित 25 पेड़ों में से मात्र दो पेड़ ही शिफ्ट
05-Feb-2024 2:59 PM
पुल निर्माण की जद में आए चिह्नांकित 25 पेड़ों में से मात्र दो पेड़ ही शिफ्ट

जाम से राहत के लिए करना पड़ेगा इंतजार

ओवरब्रिज के लिए टेंडर जारी,पर बिना पेड़ों की शिफ्टिंग के निर्माण शुरू करना संभव नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 फरवरी। बेलसोंडा ओवरब्रिज निर्माण की जद में आ रहे पेड़ों की शिफ्टिंग में वन विभाग लेटलतीफ ी कर रहा है। चिह्नांकित 25 पेड़ों में से अब तक सिर्फ दो पेड़ ही शिफ्ट किए जा सके हैं।

 इधर, ओवरब्रिज के लिए टेंडर भी जारी कर दिया है। ऐसे में बिना पेड़ों की शिफ्टिंग के निर्माण भी शुरू करना संभव नहीं है। इससे ओवरब्रिज के निर्माण में देरी होगी और आम लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ेगा।

मालूम हो कि बेलसोंडा क्रॉसिंग में ओवरब्रिज बनने के बाद चालकों को सडक़ जाम से छुटकारा मिलेगा। ओवरब्रिज निर्माण में 125 पेड़ प्रभावित हो रहे हैं। इसमें से 25 पेड़ों को बिना नुकसान पहुंचाए दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाने का प्लान तैयार है।

वन अमला द्वारा एक्सपर्ट के सहयोग से ऐसे पेड़ों का चयन किया है, जिनमें सरवाइवल क्षमता है, जो शिफ्टिंग के बाद भी जीवित रह सकते हैं। जिले में पहली बार पेड़ों को जड़ से उखाडक़र दूसरी जगह शिफ्टिंग की जा रही है।

16 दिसंबर को बेलसोंडा से दो पेड़ों को जड़ से उखाडक़र प्रायोगिक गार्डन में शिफ्ट किया गया था। वर्तमान में दोनों पेड़ सुरक्षित हैं।

इन पेड़ों में पत्ते आने लगे हैं, लेकिन करीब डेढ़ महीने बाद भी वन विभाग के द्वारा बचे हुए 23 पेड़ों की शिफ्टिंग में लेटलतीफी कर रहा है। बताया जा रहा है कि संकल्प यात्रा के दौरान वनकर्मी व्यस्त रहे। बाद में एक्सपर्ट के आने का इंतजार किया जा रहा था। अब वनकर्मी हड़ताल में शामिल हो गए हैं।

 ग्रीन केयर सोसाइटी इंडिया अध्यक्ष डॉ.विश्वनाथ पाणिग्रही ने बताया कि पेड़ों की कटाई के बजाय शिफ्टिंग कर पुनर्रोपित करने के लिए सितंबर में उन्होंने अभियान चलाया था। डीएफओ से चर्चा के बाद सहमति मिली थी। फिर वन अमले के साथ 25 पेड़ों को चिह्नांकित किया गया। दो पेड़ों को प्रायोगिक गार्डन में शिफ्ट किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। पेड़ों में पत्ते आने लगे हैं। बाकी पेड़ों को हाथी कैंप में शिफ्ट किया जाएगा। शिफ्टिंग के लिए कोलकाता से टीम पहुंच गई है।

 रेंजर टीआर सिन्हा ने बताया कि हाथी कैंप में गड्ढे खोद दिए गए हैं। वन कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से कोलकाता से टीम पहुंच गई है।

श्री सिन्हा ने बताया कि बेलसोंडा से चिह्नांकित पेड़ों को जड़ से उखाडक़र तुमगांव के हाथी कैंप में शिफ्ट किया जाएगा। शिफ्ट होने वाले पेड़ों को पानी की आवश्यकता ज्यादा होगी। इसलिए तुमगांव हाथी कैंप का चयन किया गया है। तुमगांव के हाथी कैंप में गड्ढे खोद दिए गए हैं। एक पेड़ की शिफ्टिंग में करीब 10 हजार रुपए तक खर्च आने का अनुमान है।

  बहरहाल बेलसोंड़ा रेलवे फाटक में वाहन चालकों को काफी देर तक फंसना पड़ रहा है। हर 15 से 20 मिनट में फाटक बंद होने से गाडिय़ों की कतार लग रही है। नांदगांव-बम्हनी की ओर जाने वाले वाहनों को मोडऩे में भी दिक्कतें आ रही है। घोड़ारी से आ रहे वाहनों को मोडऩे में परेशानी हो रही है।


अन्य पोस्ट