महासमुन्द
समाज के विकास के लिए युवाओं की प्रतिभा को निखारने 10 लाख रुपए देने की घोषणा की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 फरवरी। संत गुरु रविदास महासभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शनिवार की शाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हेलीपेड पहुंचे। यहां उनका गुरु रविदास महासभा के प्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय महासमुंद जिले के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के साथ वन मंत्री केदार कश्यप, आदिम जाति कल्याण मंत्री राम विचार नेताम भी थे। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए हैलीपेट में सांसद चुनीलाल साहू, बसना विधायक संपत अग्रवाल, पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव रूप कुमारी चौधरी, पूर्व विधायक डा. विमल चोपड़ा, कलेक्टर प्रभात मलिक, पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा भी पहुंचे थे।
यहां से मुख्यमंत्री सीधे कार्यक्रम स्थल शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय झलप में आयोजित गुरु रविदास महासभा के राज्य स्तरीय महासम्मेलन में पहुंचे। मंच स्थल पर समाज की बेटियों ने फूल बरसाकर मुख्य मंत्री का स्वागत किया। समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को गजमाला पहनाया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ महतारी और संत रविदास के जयकारे के साथ संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा- विलंब के लिए क्षमा प्रार्थी हूं। इसके पहले नारायणपुर में किसान सम्मेलन में शामिल हुआ इसलिए देरी हुई। आपका समाज बहुत बड़ा समाज है।
आप सबने मुझे आमंत्रित किया इसके लिए आभार। मैं पहला मुख्यमंत्री हूं जो आपके समाज के कार्यक्रम में शामिल हुआ। ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है। संत रविदास जी के अटूट श्रद्धा के कारण गंगा मैया को उनकी कठौती में आना पड़ा था। मन चंगा तो कठौती में गंगा, ये संत शिरोमणी गुरु रविदास जी ने ही कहा था। मीरा बाई, गुरुनानक देव जी ने भी संत रविदास जी को माना था। संतों में रैदास सर्वश्रेष्ठ हैं। समाज के लोगों से आग्रह है कि बेटी हो या बेटा, उन्हें खूब पढ़ाएं। आपका समाज, आपका समाज महान संतों का है। पढ़ाई के तरफ ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि समाज का कोई भी व्यक्ति धर्मांतरण न करें। हमारी सरकार अभी दो माह ही हुए हैं। नशापान को भी रोकने की आवश्यकता है। युवा पीढ़ी को नशापान से रोकना होगा। नशापान विकास में बाधक है। उन्होंने कहा कि 18 लाख मकानों की स्वीकृति किया जा चुका है। हम मोदी की गारंटी को पूरा करने में चल पड़े हैं। आज भी हम 21 क्विंटल प्रति एकड़ में धान खरीद रहे हैं। हमने प्रदेश के 12 लाख से अधिक किसानों को दो साल का बकाया बोनस 3716 करोड़ रुपए दिए। हमने हाल ही में कैबिनेट बैठक में महतारी वंदन योजना पर भी मुहर लगा दी है। इस योजना से अब विवाहित माताओं-बहनों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए सीधे उनके खातों में दिया जाएगा। मोदी की गारंटी को हम पूरा करेंगे। कहा संत शिरोमणी गुरु रविदास समाज के विकास के लिए युवाओं की प्रतिभा को निखारने 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। कहा कि धीरे-धीरे समाज का सारा काम पूरा किया जाएगा। यह समाज उत्तरोत्तर उन्नति करे। इस क्षेत्र में कृषि सिंचाई के लिए भी योजना शामिल हंै। इस पर कार्य किया जाएगा।
मालूम हो कि खल्लारी स्थित मंदिर का निर्माण देवपाल नामक एक मोची ने किया था। देवपाल का परिवार जिस पहाड़ी के नीचे झोपड़ी बनाकर जिस पहाड़ के नीेचे गुजर बसर करता था, उसी पहाड़ी के ऊपर देवपाल ने एक छोटी सी मंदिर बनाकर माता आर विष्णु जी की पूजा शुरू की थी। अत: सांसद चुन्नी लाल साहू ने कहा कि रविदास समाज के देवपाल जी भी संत रवि दास की सोच के साथ सबका साथ सबका विकास के साथ आगे बढ़ते रहे। मुख्यमंत्री जी यहां आए, सबका मान बढ़ा।
उन्होंने बताया कि 14वी सदी में खल्लारी में विष्णु भगवान का मंदिर बनवाया। हमने संत रैदास के कठौती में गंगा कहावत को चरितार्थ करते हुए खल्लारी क्षेत्र में सिकासेर पैरी जलाशय का पानी इस क्षेत्र में लाने का पहल किया। आज भी देवपाल के हाथों बनाया गया मंदिर विद्यमान है। सासंद ने देवपाल के नाम को अमरत्व करने के लिए वहां स्थित स्कूल का नाम देवपाल के नाम से किए जाने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया। साथ ही कहा कि सिकासेर के पैरी जलाशय का पानी इस क्षेत्र में लाने पहल किया जाए।
गुजरात से पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री आत्माराम परमार ने महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आपके सपनों को पूरा करने वाली सरकार विष्णु देव साय की सरकार, गरीबों को समर्पित सरकार है। आदिम जाति विकास मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि हमारे मुखिया मुख्यमंत्री साय बहुत ही सरल और सहज स्वभाव के हैं। समाज को एकता के सूत्र में बांधने गुजरात सरकार के पूर्व मंत्री श्री परमार भी यहां आए हैं। हमारी सरकार गरीबों के विकास के लिए समर्पित है। अगर रविदास समाज पीछे हो जाए तो अन्य समाज के आगे बढऩे का कोई औचित्य नहीं है।
विधायक संपत अग्रवाल, डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि यह पहला अवसर है जब कोई मुख्यमंत्री रविदास महासभा में पहुंचे हैं। महासम्मेलन में पूर्व विधायक रूप कुमारी चौधरी, प्रशांत श्रीवास्तव, ध्रुव कुमार मिर्धा, बुद्धेश्वर सोनवानी, देवेंद्र रौटिया सहित समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गुरु रविदास महासभा के सदस्य मौजूद थे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर यातायात विभाग ने झलप-महासमुंद से होकर जाने मार्ग व्यवस्था, पार्किंग व डायवर्सन के संबंध में निर्देश जारी किए थे।