महासमुन्द

लिखित आश्वासन के बाद वन कर्मचारियों का हड़ताल स्थगित
04-Feb-2024 2:33 PM
लिखित आश्वासन के बाद वन कर्मचारियों का हड़ताल स्थगित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 फरवरी।
मांगों के संबंध में मिले लिखित आश्वासन के बाद वन कर्मचारियों ने हड़ताल स्थगित कर दिया है। वन कर्मी शनिवार से काम पर लौट गए। मालूम हो कि छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के बैनर तले जिले के 140 वनपालए वन रक्षक व उप वनक्षेत्रपाल चार सूत्रीय मांगों को लेकर एक फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे। कर्मचारी वन परिक्षेत्र कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे थे।

कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से जंगल की सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई थी। वन कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी। जंगल की सुरक्षा के लिए वन प्रबंधन समिति के सदस्य, सुरक्षा कर्मी व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को तैनात किया गया था। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष कमलनारायण यादव ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज कार्यालय द्वारा संघ के 180 पदों को संविदा से भरे जाने पर रोक लगाने, वन रक्षक, वनपाल, उप वनक्षेत्रपाल का वेतनमान संघ द्वारा प्रस्तावित वेतनमान का लाभ देने, छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद नया सेटअप पुनरीक्षण करने, वनरक्षक का वेतनमान 2750.3050 से 2050.1500 से संबंधित वित्त विभाग का आदेश समस्त जिला कोषालय को प्रसारित करने की मांग को लेकर हड़ताल पर थे। वनमंत्री, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन और संघ के प्रतिनिधिमंडल से समझौते के आधार पर कल शनिवार को हड़ताल स्थगित कर दी गई है। कल शनिवार से सभी काम पर लौट गए हैं।


अन्य पोस्ट