महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,3 फरवरी। महासमुंद विधानसभा क्षेत्र में खुलेआम बिक रहे अवैध शराब पर कार्यवाही किये जाने को लेकर कल सांसद कार्यालय प्रभारी मोहन साहू ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि शहर के साथ गांव-गांव में आज भी अवैध शराब खुलेआम बिक रहा है। शराब कोचियों को किसी का कोई डर नहीं।
श्री साहू ने आगे बताया कि तुमाडबरी स्थित देशी शराब दुकान से काली शीशे वाले मारूती वेन से शराब सप्लाई किया जा रहा है। दुकान के बाहर सीसी टीवी कैमरा भी लगा हुआ है। इसके अलावा सितली नाला स्थित शराब दूकान से भी बैग में भर भर कर अवैध शराब माफियाओं द्वारा सप्लाई किया जा रहा है। झलप, भुरकोनी, कोल्दा के शराब दुकानों से भी अवैध शराब सप्लाई किया जा रहा है।
आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बनकर सब देख रही है। इससे प्रतित होता है कि शराब माफियाओं के साथ आबकारी विभाग के अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के संरक्षण में काम हो रहा है।
शराब दुकान से पेटी पेटी शराब निकाल कर गांव गांव गली गली पहुंचा रहे हैं जिसके कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है। मोहन साहू ने विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि आबकारी विभाग द्वारा टीम गठित कर छापा मार कार्रवाई करे और शराब माफियाओं, शराब कोचियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई हो।