महासमुन्द

रेत निकालने चिंगरौद घाट गए युवक की ट्रैक्टर ट्रॉली में दबकर मौत
01-Feb-2024 3:25 PM
रेत निकालने चिंगरौद घाट गए युवक की ट्रैक्टर ट्रॉली में दबकर मौत

नहीं थम रहा महानदी से अवैध रेत उत्खनन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,1फरवरी। ट्रैक्टर से रेत निकालने चिंगरौद घाट गए युवक की ट्रैक्टर-ट्रॉली में दब जाने से मौत हो गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है। पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस के अनुसार बम्हनी निवासी 24 वर्षीय यादराम यादव पिता पवन यादव अपने अन्य साथी हेमलाल पाल व अजय साहनी के साथ मंगलवार की शाम ट्रैक्टर में रेत लेने महानदी चिंगरौद घाट गया था। नदी में ट्रैक्टर पंचर हो गया। शाम होने की वजह से तीनों रात्रि में लौट आए। बुधवार की सुबह ट्रैक्टर बनाने के लिए तीनों महानदी में पहुंचे थे। जैक लगाकर टायर निकालने के दौरान अनबैलेंस होकर ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई, जिसके नीचे दबकर युवक यादराम की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची महासमुंद पुलिस टीम ने शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

 सिटी कोतवाली प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी मोनिका श्याम ने बताया कि मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञात हो कि चिंगरौद-बम्हनी क्षेत्र में अवैध रेतखनन परिवहन का मामला गरमाया हुआ है। अभी हाल ही में सरपंच समेत चिगरौंद के ग्रामीणों ने नदी से रेत निकल रहे वाहनों को रोका था और इसकी शिकायत प्रशासन को की थी। जिसके बाद कुछ वाहनों को थाने में खड़ी किया गया था। बावजूद इसके लोग ट्रैक्टर से चोरीछुपे रेत निकालने से बाज नहीं आ रहे हंै।


अन्य पोस्ट