महासमुन्द
फर्जी हस्ताक्षर से सहमति बना रहे 18 किसानों को जेल जाना पड़ सकता है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जनवरी। जिला सेवा सहकारी बैंक महासमुंद के जाड़ामुड़ा धान खरीदी केंद्र में फर्जी तरीके से 2 करोड़ रुपए की धान खरीदी मामले में समिति प्रबन्धक उमेश भोई को निलंबित करने के बाद एफ आईआर दर्ज करने की तैयारी है, वहीं दो कम्प्यूटर ऑपरेटर मनोज प्रधान और मनीष प्रधान को पद मुक्त किया गया है।
खबर है कि इस मामले में 18 किसानों को भी जेल जाना पड़ सकता है। इन किसानों पर आरोप है कि फर्जी हस्ताक्षर करके किसान समिति को सहमति पत्र दे रहे हैं। हालांकि जांच अधिकारी किसानों को पर्याप्त समय दे रहे हैं। जिसके वजह से ये किसान फर्जी रेगहा-अधिया का शपथ पत्र तैयार कर रहे हंै। फर्जी हस्ताक्षर से सहमति बनाई जा रही है। चर्चा है कि ऐसे किसान, अधिकारी-कर्मचारी भी नोटरी और स्टाम्प पेपर की जांच के लिए भी शिकायतें आने के बाद रडार में आएंगे।
इससे पहले महासमुंद जिले में सन् 2013 से 2016 तक धान खरीदी केन्द्रों में करीब 34 करोड़ रुपए से भी अधिक का फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है, वहीं 11 धान खरीदी केंद्रों में हुए इस बड़े घोटाले में विभाग ने करीब 46 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराया जा चुका है। इन समितियों से सरकार हर साल नवंबर से समर्थन मूल्य पर किसानों का धान खरीदती है। आरोप है कि यहां के संचालक, समिति के प्रबंधक और विभाग के कर्मचारी धान खरीदी से लेकर उठाव और ऋण देने से लेकर वसूली तक में किसानों के साथ धोखाधड़ी कर करोड़ों का घोटाला करते हैं।
महासमुंद जिले में सन् 2013 से 2016 तक गढफ़ुलझर में 1 करोड़ 38 लाख 45 हजार रुपए के घोटाले के आरोप में प्रभारी पर एफआईआरस ठुंठापाली में 12 लाख 41 हजार रुपए के घोटाले में प्रभारी सहित 4 लोगों पर एफआईआर, बिरकोनी में 11 करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले के आरोप में प्रभारी सहित 5 लोगों पर एफआईआर, पथरला में 8 करोड़ से अधिक रुपए के घोटाले के आरोप में प्रभारी सहित 7 लोगों पर एफआईआर, अछोला जोबा में 7 लाख रुपए के घोटाले के आरोप में प्रभारी पर एफआईआर, परसवानी में 1 करोड़, 15 लाख रुपए से अधिक के घोटाले के आरोप में 4 लोगों पर एफआईआर, सरकडा पिथौरा में 1 करोड़ 71 लाख रुपए से अधिक के घोटाले के आरोप में 8 लोगों पर एफआईआर, बावनकेरा में 2 करोड़ 7 लाख रुपए से अधिक, महासमुंद में 34 करोड़ रुपए का धान घोटाला समेत 45 लोगों पर एफआईआर दर्ज हो चुका है। जिला सेवा सहकारी बैंक महासमुंद के नोडल अधिकारी प्रकाश बींबे ने बताया कि इस साल भी जाड़ामुड़ा खरीदी केन्द्र में धान खरीदी में घोटाले की शिकायत मिली है। इससे पहले के साल में जांच के बाद 46 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।