महासमुन्द

सरायपाली कॉलेज वार्षिकोत्सव में सांसद-भाजपा नेता मंच पर, विधायक चातुरी नंद नीचे छात्राओं के बीच बैठी रहीं
30-Jan-2024 2:32 PM
सरायपाली कॉलेज वार्षिकोत्सव में सांसद-भाजपा नेता मंच पर, विधायक चातुरी नंद नीचे छात्राओं के बीच बैठी रहीं

कहा-दलित होने के चलते हर बार मुझे नीचा दिखाने की कोशिश की जाती रही है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 जनवरी। स्थानीय सरकारी महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में अतिथि के रूप में नहीं बुलाये जाने से नाराज स्थानीय कांग्रेस विधायक चातुरी नंद कल कार्यक्रम में पहुंची जरूर लेकिन मंच पर न जाकर नीचे छात्राओं के बीच जाकर बैठ गईं। स्थानीय सांसद चुन्नीलाल साहू, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहीं सरला कोसरिया, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्तर सिंह नायक, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय शर्मा आदि मंच पर थे।

कार्यक्रम शुरू ही हुआ था कि विधायक श्रीमती नंद पहुंची। वे सीधे मंच के नीचे पहुंची और संचालनकर्ता से माइक मांगा। माइक लेकर संक्षिप्त  संबोधन में उन्होंने कहा-मैं एक छात्रा के रूप में पहुंची हूं। मंच शायद मेरे लिये नहीं है। इसलिये मैं अपने बच्चों के दीर्घा में नीचे बैठी। इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वे कॉलेज की भूतपूर्व छात्रा रही हैं और इसी हैसियत से कार्यक्रम में शामिल हुई। उन्होंने कहा कि एक दलित  जनप्रतिनिधि होने के कारण मंच पर जगह नहीं दी गई। कॉलेज प्रशासन इतना लापरवाह नहीं हो सकता। एक सोची समझी रणनीति के तहत

दुर्भावनावश ऐसा किया गया है। दलित होने के चलते हर बार उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश की जाती रही है। पूर्व विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह को  भी वार्षिक उत्सव में आमंत्रण नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के हित के लिये जो भी जरूरी होगा उसके लिये वे हमेशा तत्पर रहेंगी।

विधायक को मंच पर स्थान नहीं दिये जाने से आक्रोशित कार्यकर्ता विरोध प्रकट करने जब कॉलेज पहुंचे तो वहां तैनात पुलिस बल द्वारा उन्हें धमकाया गया और रोकने की कोशिश की गई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि एक वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करने का कोई औचित्य नहीं है। इससे यही प्रतीत होता है कि जानबूझकर विधायक को नीचा दिखाने की कोशिश की गई और किसी अनहोनी के  डर से भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पहले से ही उनकी मंशा कार्यक्रम को राजनीतिक रंग देने की ही थी।छात्र नेताओं ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन ने विधायक को अतिथि के तौर पर बुलाना छोड़ सत्ताधारी पार्टी के नेताओं को मंच देना ज्यादा उचित समझा। जो सत्ताधारी पार्टी की ओछी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय जैसे विद्या मंदिर को राजनीति करने का मैदान बना  दिया गया। तभी तो आमंत्रण कार्ड में विधायक का नाम तक नहीं छापा गया। विधायक को आमंत्रित न करके सरायपाली क्षेत्र की जनता का  अपमान किया गया है।

 कॉलेज प्रबंधन ने सत्ताधारी नेताओं को मंच देकर कार्यक्रम को पूरी तरह राजनीतिक बना दिया। जिसका वे खुला विरोध करते हैं। छात्र नेताओं ने  बताया कि कॉलेज के प्राचार्य से जब इस संबंध में पूछा गया तो उनके द्वारा दूसरे कार्यक्रम में विधायक का सम्मान करने और ऊपरी दबाव होने की बात कही है। जानकारी के मुताबिक हर साल इस कालेज के उत्सव में विधायक को आमंत्रित किया जाता था। लेकिन इस वर्ष विधायक को  आमंत्रित नहीं किया गया था।


अन्य पोस्ट