महासमुन्द

घर-घर गूंजा अरन बरन कोदो दरन, जब्भे देबे तब्भे टरन...
25-Jan-2024 2:32 PM
घर-घर गूंजा अरन बरन कोदो दरन, जब्भे देबे तब्भे टरन...

छेरछेरा मांगने सुबह से निकली बच्चों की टोलियां,  अन्न-रुपए और फलों का दान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 25 जनवरी। नगर सहित अंचल में आज छत्तीसगढ़ का पारंपरिक त्यौहार पूस पुन्नी छेरछेरा हर्षोल्लास मनाया जा रहा है। बच्चों की कई टोलियां हाथ में झोला लेकर घरों के दरवाजों में पहुंच रहे हैं और महिलाएं उन्हें यथायोग्य अन्न का दान कर रही हैं। धान-चावल न होने की स्थिति में रुपए पैसे और फलों का दान किया जा रहा है। अन्न दान का यह महापर्व पूरे छत्तीसगढ़ में धूमधाम से मनाया जाता है। पर्व को लेकर बच्चे व बड़ों सभी में बहुत उत्साह देखा जा रहा है। विशेषकर छोटे बच्चे सुबह से ही छेरछेरा मांगने के लिए निकल गए हैं। पूर्णिमा होने के कारण आज लोग स्नान आदि के बाद मंदिरों में गए और पूजा अर्चना की। छेरछेरा त्यौहार के कारण आज शहर के किराना दुकानों में काफी भीड़ दिखाई दी। कर्मचारियों की छुट्टी में रहने के कारण दफ्तरों में सन्नाटा पसरा हुआ हैा।

 गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है और यहां बहुत बड़ी मात्रा में धान की फसल लगाई जाती है। खेती किसानी का कार्य समाप्त होने के बाद लोग पौष पूर्णिमा के दिन को पूरे प्रदेश में त्यौहार की तरह मनाते हैं। पर्व को लेकर लोगों खास कर बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिलता है।

लिहाजा आज भी बच्चे सुबह से ही झोला लेकर छेरछेरा मांगने के लिए अपने अपने घरों से निकल हैं। घरों की परछी आदि में बैठे बुजुर्ग दान के रूप में बच्चों को धान-चावल के साथ.साथ पैसे, पकवान अथवा फल दे रहे हैं।  यहां पुरानी परंपरा है कि सभी लोग आज के दिन अमीरी गरीबी के भेदभाव को छोडक़र एक-दूसरे के घर जाकर छेरछेरा मांगते हैं। सुबह के समय जहां बच्चों की टोली, तो दिन में बड़े लोगों की टोली भी छेरछेरा मांगने के लिए निकली हुई थी। कहा जाता है कि आज के दिन अन्न का दान करने से अगले वर्ष पुन: फसल अच्छी होती है। इसलिए इस दिन लोग विशेषकर किसान छेरछेरा मांगने के लिए आने वाले सभी लोगों को अन्न या पैसों का दान अवश्य करते हैं।


अन्य पोस्ट