महासमुन्द

गांजा शराब में अलर्ट, चोरियों में सुस्त पुलिस
24-Jan-2024 3:06 PM
गांजा शराब में अलर्ट, चोरियों में सुस्त पुलिस

थानों में एक या दो ही मामलों की रपट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 पिथौरा, 24 जनवरी।
महासमुन्द जिले भर के पुलिस थानों में सोना, गांजा शराब एवं नगद रुपये पकडऩे वाली पुलिस जिले में विगत 2 माह पूर्व हुई दर्जनों चोरियों का अब तक सुराग भी नहीं लगा पाई। लिहाजा अब जिले में छोटी बड़ी चोरियों की रपट भी दर्ज नहीं कराई जाती।

डेढ़ से दो माह पूर्व जिला मुख्यालय से चोरियों का सिलसिला प्रारम्भ हुआ। इसके बाद बसना में एक साथ दर्जन भर दुकानों के शटर टूटने के बाद चोरों ने करीब 8 दुकान सांकरा को भी अपना निशाना बनाया।

इसके बाद पिथौरा थाना के ग्राम कौहकूड़ा स्थित मुख्य मार्ग की आधा दर्जन दुकानों के भी शटर एवं ताले तोड़ कर चोरों ने हाथ साफ किया था। कुल मिलाकर चोरों ने जिले भर के अलग-अलग थानों में पुलिस को चुनौती दी थी। इसके अलावा पिथौरा थानान्तर्गत ही भारी संख्या में बकरी चोरी की खबर भी सुर्खियों में रही।

चोरी की लगातार घटनाओं के बाद भी जिले के किसी भी थाना में चोरी की इक्का-दुक्का रपट ही लिखी गयी। शेष आवेदकों के आवेदन लेकर मामले की जांच के बहाने रपट लिखने की आवश्यक्ता महसूस ही नहीं  की गई, जिससे अब भी खासकर व्यवसायियों की सुरक्षा के मामले में चिंता बढ़ी है।

जिला पुलिस गांजा एवं शराब तस्करी के बाद अब अवैध धान की तस्करी भी रोकने में जुटी है, परन्तु आम लोगों  के सामने उनके जान-माल की सुरक्षा हेतु चोरी की रपट दर्ज कर उनके आरोपियों को सींखचों के पीछे पहुंचाने में पुलिस अब तक नाकामयाब ही होती दिखी है।
 


अन्य पोस्ट