महासमुन्द

बेमौसम बारिश, खुले में रखे हुए धान की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
22-Jan-2024 3:40 PM
बेमौसम बारिश, खुले में रखे हुए धान की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जनवरी।
कलेक्टर प्रभात मलिक ने जिले के सभी एसडीएम, धान खरीदी केंद्रों के लिए नियुक्त जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों  जिला खाद्य अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को जिले में असामयिक बारिश होने की संभावना को देखते हुए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में भंडारित धान की सुरक्षित रखाव और बचाव के संबंध में सभी ज़रूरी उपाय करने के निर्देश दिए हैं। 

उन्होंने कहा है कि जिले में असामयिक वर्षा के कारण धान खराब न हो। इसे ढंकने के लिए तिरपाल, केप कव्हर आदि के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने निर्देशित किया है कि सभी धान खरीदी केन्द्र में खरीदे हुए धान की स्टैकिंग बनाकर केप कव्हर से ढंका जाए। सभी अधिकारी धान खरीदी केन्द्रों पर निरीक्षण कर मानिटरिंग करें। 

कलेक्टर श्री मलिक ने जिले के सभी एसडीएम से कहा है कि धान उपार्जन केन्द्र प्रभारियों एवं नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्था सुनिश्चित करें। बारिश से धान को नुकसान नहीं होना चाहिए। धान की सुरक्षा के लिए ड्रेनेज अनिवार्य रूप से बनाएं। सभी धान खरीदी केन्द्रों में केप कव्हर पर्याप्त संख्या में रखें। केन्द्र में पानी जमा नहीं होना चाहिए निकासी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले उठाव करने वाले धान खरीदी केन्द्रों की सूची तैयार करें। जिससे उन धान खरीदी केन्द्रों से धान का उठाव पहले किया जा सके।

 


अन्य पोस्ट