महासमुन्द

आफ सीजन में भी तेजी से घूम रहे कुम्हारों के चाक
21-Jan-2024 7:21 PM
आफ सीजन में भी तेजी से घूम रहे कुम्हारों के चाक

महासमुंद में 35 कुम्हार परिवार दिन-रात बना रहे दीये

श्री रामलला प्राण-प्रतिष्ठा पर मंदिरों और घरों के आंगन में जगमगाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21जनवरी। श्री राम लाल प्राण प्रतिष्ठा के खास अवसर ने यहां के कुम्हारों की किस्मत चमका दी है। इन दिनों कुम्हार कारीगर मिट्टी के  दीये बनाने में व्यस्त हंै। वे दिन रात परिवार सहित चाक से दीये गढ़ रहे हैं। ऑफ  सीजन में भी दीयों की मांग ने कुमारों को आय का नया और  अतिरिक्त जरिया दिया है। महासमुंद कुम्हार पारा में 35 कुम्हार परिवार दीये बना रहा है।

इनमें से एक सुखरू कुम्हार का कहना है-सच तो ये है  कि जब से अयोध्या में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की तिथि तय हुई है। उसी दिन से दीयों और मिट्टी के कलश की मांग बढ़ गई है। अभी तक लगभग 50 हजार दीया बेच चुके हैं। मेरा पूरा परिवार इस कार्य को अनुष्ठान मान  कर काम कर रहा है। मेरी बहू और बेटे भी दीया बनाने में व्यस्त हैं। उनका कहना है कि श्री राम लला के प्राण प्रतिष्ठा हमारे लिए एक नया अवसर लेकर आया है। बताया कि शहर में करीब 35 परिवार इस कार्य में लगे हैं। सुखरू कुम्हार ने कहा कि उन्हें करीब 7 साल पहले ही इलेक्ट्रॉनिक चाक मिला है। जिससे वे लगातार मिट्टी के सजावटी सामग्री बना रहे हैं।

महासमुंद में समूह की महिलाएं भी दीया बनाने के काम में जुटी हुई हंै। महाप्रभु महिला समूह और लक्ष्मी नारायण महिला समूह के सदस्यों ने बताया कि अभी तक लगभग 60 हजार दीयों की बिक्री हो चुकी है। पहली बार रायपुर से ऑर्डर भी मिले हैं।

 महाप्रभु समूह के उत्तरा  चक्रधारी ने बताया कि उनके समूह में 10 सदस्य हैं और सभी अपने-अपने घरों में लगातार दीया और मिट्टी के कलश बना रहे हैं। बाजार में भी डिमांड बढ़ी है। महाप्रभु समूह के सदस्य ने बताया कि राष्ट्रीय आजीविका शहरी विकास अभिकरण के माध्यम से उन्हें एक लाख रुपए का लोन मिला था। जिससे यह कार्य करने में सक्षम हुई।

इसी तरह महिला समूह लक्ष्मी नारायण की कुसुम लता चक्रधारी ने बताया कि इस अवसर पर हम खुशी और आस्था से दीपक बना रहे  हैं। इससे हमारी आजीविका में एकाएक वृद्धि हुई है। प्रति दीया लगभग 75 पैसे में विक्रय करते हैं। यह श्री राम की ही कृपा है कि हमें ये शुभ  अवसर मिला है। समूह की सदस्य कुसुम लता ने बताया कि यह हमारे लिए विशेष अवसर है कि हमारे द्वारा बनाए गए दीये मंदिरों में जगमगाएंगे।

हम भी अपने-अपने घरों में दीया जलाएंगे

महिला समूह की मार्गदर्शिका प्रेमशीला बघेल ने बताया कि अब शासन की मंशानुरूप महिला समूह के सदस्यों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना  अंतर्गत लाभ दिलाएंगे जिससे वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएंगे।


अन्य पोस्ट