महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जनवरी। धान खरीदी केंद्र जाड़ामुड़ा में हुए 2 करोड़ के बोगस धान खरीदी में मुख्य किरदार निभाने वाले समिति प्रबन्धक उमेश कुमार भोई अब बौखला गए हैं। इस मामले में आरोपी बनते ही वे अब शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप में जातिगत गाली गलौज कर धमका रहे हैं।
जानकारी मिली है कि शनिवार रात 8.51, 8.56, 8.57 एवं 9.05 बजे का है। इस समय समिति प्रबन्धक श्री भोई ने शिकायतकर्ता के व्हाट्सएप में मेसेज कर जातिगत गाली गलौज करते हुए धमकी देकर लगातार फोन कॉल किया।
गौरतलब है कि जाड़ामुड़ा सोसायटी में धान खरीदी के दौरान 2 करोड़ रुपए का हाईटेक फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया था। जिसे ‘छत्तीसगढ़’ समाचार पत्र ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। यह महासमुंद जिले के सोसायटी में इस वर्ष में अब तक का सबसे बड़़ा फर्जीवाड़ा है। इस काम में कम्प्यूटर का बड़े ही चालाकी से उपयोग किया गया। सोसायटी प्रबन्धक, और दो ऑपरेटरों ने किसानों का कुल फर्जी रकबा बढ़ाकर 2 करोड़ का धान फर्जी तरीके से खरीदा।
इस मामले में प्रारम्भिक जांच में समिति प्रबंधक उमेश भोई को निलंबित किया गया है। वहीं 2 कम्प्यूटर ऑपरेटर को पद मुक्त कर दिया गया है। कुछ ही दिनों में जांचकर्ता अधिकारियों द्वारा इस मामले में संलिप्त सभी लोगों के विरुद्ध पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने की जानकारी निकलकर सामने आई है।