महासमुन्द

मुहल्ले की अभ्यर्थी को ही नियुक्त करने की मांग, आंबा केन्द्र में तालाबंदी
21-Jan-2024 2:59 PM
मुहल्ले की अभ्यर्थी को ही नियुक्त करने की मांग, आंबा केन्द्र में तालाबंदी

अफसरों की समझाइश पर खोला 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जनवरी।
जिले के बसना विकासखंड के ग्राम बिछिया टाड़ा आंगनबाड़ी में वर्तमान सहायिका पद की नई भर्ती में टाड़ा पारा के अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति करने की मांग को लेकर मोहल्ले की महिलाओं, ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केन्द्र में तालाबंदी कर दी। तालाबंदी की सूचना मिलते ही तहसीलदार व सीइओ मौके पर पहुंचेे। वहां उन्हें समझाइश के बाद ताला खोला गया।

बिछिया टाड़ा मोहल्ले की महिलाओं और ग्रामीणों ने बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्र में बिछिया टाड़ा मोहल्ले की बंजारा जाति के बच्चे ही पढऩे जाते हैं। जिसके कारण आंगनबाड़ी केन्द्र में सहायिका के पद पर बच्चों की उनके स्थानीय बोली एवं भाषा जानने वाली मोहल्ले टाड़ा बिछिया मोहल्ले की अभ्यर्थियों को प्राथमिकता के साथ नियुक्ति की मांग करने केन्द्र में तालाबंदी की गई।

बताया गया है कि महिला व बाल विकास विभाग द्वारा जारी मेरिट सूची में बिछिया महिला अभ्यर्थी टॉप पर है। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार नामिता मरकोले, सीईओ सनत महादेवा आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचे और एकत्र लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन स्थानीय टाड़ा पारा के अभ्यर्थी को ही नियुक्ति की मांग पर अड़े रहे और ताला खोलने से इंकार कर दिया। 

तहसीलदार ने आंगनबाड़ी केन्द्र का ताला नहीं खोलने पर कार्रवाई करने की बात कही गई। जिस पर बड़ी मुश्किल से ताला खोला गया और पढ़ाई चालू हो सकी। इस दौरान राजस्व और पंचायत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
 


अन्य पोस्ट