महासमुन्द
पुलिस-खनिज अमले को बुलाया, सभी वाहनें ओवरलोड थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जनवरी। अवैध रेत उत्खनन और अवैध परिवहन में जुटे वाहनों की तेज गति और सडक़ खराब होने से गुस्साये नांदगांव के ग्रामीणों ने कल दोपहर में रेत से भरे 15 हाईवा वाहनों को घेर लिया। सैकड़ों ग्रामीणों को देखकर अनेक ड्राइवर वाहन छोडक़र भाग निकले।
ग्रामीणों ने वाहनों को खड़ा करने के बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी। जिस पर कोतवाली प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी मोनिका श्याम बल के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने खनिज अमले को भी बुला लिया। नांदगांव के सैकड़ों ग्रामीणों सैकड़ों ग्रामीणों को देख कई ड्राइवर हाईवा छोडक़र भाग निकले।
अवैध रेत उत्खनन और अवैध परिवहन में जुटे वाहनों के प्रति ग्रामीणों का गुस्सा कल दोपहर रेत से भरे हाईवा वाहनों पर उतरा। दोपहर करीब 2 बजे ग्रामीणों ने हथखोज जिला गरियाबंद से महानदी की रेत लेकर आ रहे हाईवा वाहनों को सडक़ पर रोक लिया। ये सभी वाहन रायपुर, कवर्धा, भिलाई और बेमेतरा की बताई गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि रेत वाहनें दिन.रात तेज रफ्तार से गांव से गुजरती है। ग्रामीणों का आना-जाना इसी सडक़ पर लगा रहता है। गांव की सडक़ें खराब हो रही है। अधिकतर वाहन अवैध और ओव्हरलोड रेत का परिवहन करती है।
कोतवाली प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी मोनिका श्याम ने ग्रामीणों को समझाया। मौके पर जिला खनिज अधिकारी सनत साहू भी टीम के साथ पहुंच गए। उन्होंने वाहनों के पीटपास व अन्य कागजात चेक किए। तथा वाहनों को 353 पर लाकर धर्मकांटा पर उनका वजन कराया गया। बताया गया है कि सभी वाहन ओव्हरलोड थे। इनके विरूद्ध ओवर लोडिंग का प्रकरण बनाया जा रहा है। हाईवा वाहनों को कोतवाली परिसर में खड़ा किया गया है।