महासमुन्द

किसानों को धान बेचने से वंचित करने भाजपा रच रही षडय़ंत्र-चंद्राकर
19-Jan-2024 5:24 PM
किसानों को धान बेचने से वंचित करने भाजपा रच रही षडय़ंत्र-चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 जनवरी।
पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि आदेश के बाद सोसायटियों में धान की आवक बढ़ी है, लेकिन किसानों को धान बेचने से वंचित करने सुनियोजित रूप से भाजपा द्वारा षडय़ंत्र रचा गया।

भाजपा सरकार ने सोसायटियों में टोकन खरीदी लिमिट ही नहीं बढ़ाई, ताकी किसान धान न बेच पाये। अब केवल 8 दिन शेष हैं। ऐसे में किसानों में धान बेचने को लेकर चिंता व्याप्त है। 31 जनवरी तक धान खरीदी की अंतिम तिथि है। छुट्टियों को काटकर मात्र 8 दिन ही शेष हैं। केवल 8 दिन में ही समस्त पंजीकृत किसानों से धान खरीदी हो पाना संभव नहीं है। लिहाजा भाजपा सरकार को किसान हित में खरीदी तिथि बढ़ाते हुए टोकन लिमिट भी बढ़ाना चाहिए। ताकि समस्त किसान 21 क्विंटल धान बेच सके।

श्री चंद्राकर ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 20 क्विंटल खरीदी के हिसाब से 135 लाख मे.ट. धान खरीदी का लक्ष्य रखा था। वर्तमान में भाजपा सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी कर रही है। इसके तहत प्रति एक एकड़ 1 क्विंटल बढ़ा है। जिससे खरीदी का लक्ष्य और अधिक बढऩा चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार ने षडय़ंत्र पूर्वक खरीदी लक्ष्य घटाकर 130 लाख मेट कर दिया। प्रदेश में लगभग 26.40 लाख पंजीकृत किसान हैं। वर्तमान में 17 जनवरी तक पूरे प्रदेश में 117 लाख मेट धान की खरीदी ही हो पाई है। इसके अलावा प्रदेश के 7 लाख किसान अभी तक धान नहीं बेच पाए हैं। लक्ष्य के शेष धान की खरीदी केवल 8 दिन में हो पाना संभव नहीं है। 

श्री चंद्राकर ने कहा कि धान और किसान भाजपा के लिए केवल चुनावी लिहाज से ही जरूरी है। जब-जब अवसर आया भाजपा ने किसानों से केवल छल ही किया है। 15 साल रमन राज के कुशासन में बोनस के नाम पर किसानों को ठगने वाले बीजेपी नेता मोदी की गारंटी के नाम पर इस बार 3100 रुपया प्रति क्विंटल धान का समर्थन मूल्य देने का वादा कर अब तक अमल नहीं कर पाई। मोदी सरकार ने 2014 में देश के किसानों से वादा किया था कि स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिश के अनुसार सी.2 फार्मूले पर 50 प्रतिशत लाभ के आधार पर एमएसपी तय करेंगे। 2022 तक किसानों की आय दुगनी होगी। किया इसका उल्टा। मोदी निर्मित महंगाई के चलते कृषि की लागत 3 गुना हो गई। किसानों से एमएसपी की कानूनी गारंटी का वादा भी प्रधानमंत्री मोदी ने ही किया था वह भी जुमला हो गया।


अन्य पोस्ट