महासमुन्द

हसदेव जंगल कटाई रोकने, आदिवासियों को न्याय दिलाने की मांग, कांग्रेस का धरना- रैली
19-Jan-2024 4:12 PM
हसदेव जंगल कटाई रोकने, आदिवासियों को न्याय दिलाने की मांग, कांग्रेस का धरना- रैली

राष्ट्रपति व राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 जनवरी।
छग के खनिज एवं वन संपदा से परिपूर्ण हसदेव क्षेत्र में वनों की लगातार हो रही कटाई से वन्य जीवों के रहवास जंगल का अस्तित्व समाप्त हो रहा है। साथ ही आदिवासियों के समक्ष विस्थापन जैसी समस्या व उनकी सांस्कृतिक धरोहर स्थल भी नष्ट हो रहे हैं। जिसे लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी व जिला आदिवासी कांग्रेस कमेटी द्वारा धरना प्रदर्शन के बाद रैली निकालकर राष्ट्रपति व राज्यपाल के नाम एसडीएम महासमुंद को एक ज्ञापन सौंपकर तत्काल रोक लगाने की मांग की। 

शहर जिला कांग्रेस संगठन के साथ मिलकर जिला आदिवासी कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस भवन चौक से शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर रैली निकाली गई। तत्काल कटाई रोकने व आदिवासी भाईयों के साथ न्याय दिलाने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया गया। यह रैली एसडीएम कार्यालय पहुंची। जहां एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल वन कटाई पर रोक लगाने की मांग की गई। 

इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री संगठन अमरजीत चावला ने बताया कि कोयला के लिए छत्तीसगढ़ सरगुजा संभाग के हसदेव अरण्य के हजारों एकड़ भूमि व जंगल की कटाई की जा रही है। जो हसदेव अरण्य क्षेत्र प्राकृतिक रूप से सघन वनों से आच्छादित एवं जैवविविधिता से समृद्ध क्षेत्र है। जहां सदियों से आदिवासी समुदाय के साथ ही अन्य समुदाय के लोग निवास करते आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ का फेफड़ा कहे जाने वाला हसदेव क्षेत्र में वनों की कटाई होने से जहां वन्य जीवों के रहवास जंगल का अस्तित्व समाप्त होगा। साथ ही आदिवासियों के समक्ष विस्थापन जैसी समस्या आने से उनकी सांस्कृतिक धरोहर स्थल भी नष्ट हो जाएंगे। 

इस दौरान प्रमुख रूप से शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं छग शासन पूर्व बोर्ड उपाध्यक्ष खिलवान बघेल, हरवंश सिंह ढिल्लो, सोमेश दवे, गोविंद साहू, आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष खेमराज ध्रुव, किसान कांग्रेस प्रदेश सचिव लोकेश चंदन साहू, पार्षद निखिलकांत साहू, सुनील चंद्राकर, राजू साहू, निर्मल जैन, ब्रिजेन बंजारे, ममता चंद्राकर,भूमिका ध्रुव, प्रदीप चंद्राकर, सचिन गायकवाड़, पार्षद राजेश नेताम, मोती साहू, लीलू साहू, जाकिर रजा, रवि सिंह ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, बसंत चंद्राकर उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट