महासमुन्द

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा, महासमुंद में भी मनेगा उत्सव
19-Jan-2024 3:56 PM
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा, महासमुंद में भी मनेगा उत्सव

मंदिरों को भगवा ध्वज पताकाओं से सजाया जा रहा, विशाल शोभायात्रा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 जनवरी।
अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर महासमुंद शहर में भी 22 जनवरी को उत्सव मनाया जाएगा। इसे लेकर मंदिरों को भगवा ध्वज पताकाओं से सजाया जा रहा है। इसके अलावा शहर के मुख्य मार्गों पर भी ध्वज पताका लगाए जा रहे हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार शहर के गांधी चौक, कचहरी चौक, रामेश्वरी दुर्गा मंदिर स्टेशन मार्ग सहित सभी मंदिरों में रामोत्सव को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। इस दिन के लिये शहर के सभी मोहल्लों में यज्ञ हवन आदि क्रिया संपन्न कराने के लिए सभी ब्राम्हण पुरोहितों को जिम्मेदारी दे दी गई है। जानकारी के अनुसार आयोजन को और भव्य बनाने के लिये विभिन्न भजन और रामायण मंडलियों को बुक किया गया है। आगामी 22 जनवरी को सुबह से ही मंदिरों में राम नाम की ध्वनि के साथ ही रामचरित्र मानस व भजनों की गंगा बहेगी। 
इसी क्रम में 20 जनवरी को ग्राम बम्हनी में हिंदू संगठनों द्वारा विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। शोभायात्रा शारदा मंदिर से शाम 4 बजे निकलेगी। शोभायात्रा में अयोध्या के राम मंदिर का मॉडल आकर्षण का केंद्र रहेगा। साथ ही एक बग्घी पर दरबार की जीवंत झांकी होगी। जबकि एक अन्य वाहन में आदमकद प्रतिमा शोभा बढ़ाएगी। ग्राम बम्हनी रामभक्तों ने अयोध्या में होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा के दिन गांव में उत्सव की तैयारी में जुट गये हैं।

इसके बाद 21 जनवरी के दिन दोपहर 1 बजे से भव्य कलश एवं शोभा यात्रा का ग्राम में अयोजन बम्हनी में होना है। यह यात्रा बाबा बम्हनेश्वर नाथ मंदिर से प्रारंभ होगा। जिसमें जय दुर्गा लीला मंडली द्वारा रामजी की जीवंत झांकी का प्रदर्शन शोभायात्रा में शामिल होगा। 

अंत में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन सुबह 11 बजे से दुर्गा मंदिर बम्हनी में हवन पूजन आरती और प्रसादी वितरण किया जायगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु समस्त रामभक्त तैयारी में जुटे हैं। इस दिन को उत्सव के रूप में मनाने के प्रयास से गांव के सभी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान के तहत सफाई किया गया है तथा सभी रामभक्तों से शोभा यात्रा व हवन पूजन में शामिल होने निवेदन किया है।
 


अन्य पोस्ट