महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 जनवरी। महासमुंद कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने मांग की है कि धान खरीदी की तिथि बढ़ाई जाय। इस वर्ष के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 135 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया था। तब प्रति एकड़ 20 क्विंटल की दर से खरीदी होना था।
वर्तमान में अब प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी के आदेश जारी हो गए हैं तो लक्ष्य भी बढ़ेगा। कम से कम 150 लाख मिट्रिक टन खरीदी पहुंचेगी। पूरे लक्ष्य की प्राप्ति हेतु तथा सभी किसान अपना धान बेच सके इसके लिए जरूरी है कि धान खरीदी की तिथि बढ़ाई जाय।
उनका कहना है कि किसान धान खरीदी केन्द्रों में अपना धान बेचने पहुंच रहे हंै लेकिन किसानों में दुविधा की स्थिति है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किसानों से वादा किया है कि वह धान की कीमत 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल देगी तथा इसका एकमुश्त भुगतान धान बेचने के तुरंत बाद खरीदी केन्द्रों की ग्राम पंचायतों में ही अलग से काउंटर बनाकर किया जायेगा। इस संबंध में शासन की तरफ से कोई निर्णय नहीं लिया गया है और न ही कोई निर्देश जारी हुआ है। जिसके कारण उनको समर्थन मूल्य पर ही भुगतान हो रहा है। किसान चिंतित हंै कि उनको 3100 रुपए की कीमत कैसे और कब मिलेगी? डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा है कि प्राथमिकता के आधार पर धान की कीमत 31 सौ रुपए एकमुश्त भुगतान का निर्णय लेकर क्रियान्वित करवाया जाय ताकि किसानों को उनकी फसल की पूरी कीमत मिल पाए।