महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 जनवरी। एनएच 353 पर नदी मोड़ से लेकर मेडिकल कॉलेज तककरीब 8 किलोमीटर में लाइट लगाने का काम किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि इससे एनएच पर चलने वाले वाहन चालकों को आवागमन में सुगमता होगी। मालूम हो कि एनएच.353 अतिव्यस्त मार्ग है। दिनभर हजारों गाडिय़ां गुजरती हैं। रात में भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। एनएच.353 पर शहर में चौड़ीकरण के बाद मेडिकल कॉलेज से खैरा चौक तक ट्यूबलर पोल लगाकर रोशन किया गया है। उसी समय से नदी मोड़ से लेकर मेडिकल कॉलेज तक लाइट लगाने की मांग की जा रही थी। कलेक्टर प्रभात मलिक ने रास्ते का अंधेरा दूर करने खनिज न्यास मद से 1.20 करोड़ रुपए मंजूर किए। इसके बाद रास्ते में ट्यूबलरपोल लगाने का काम शुरू हुआ। कार्य के लिए इलेक्ट्रिकल व मैकेनिकल डिपार्टमेंट को एजेंसी बनाई गई है। एनएच पर ट्यूबलर पोल लगाने का काम रायपुर की सुपरटेक फर्म कर रही है। अब कार्य जल्द पूरा होने का इंतजार है। काम की गति को देखते हुए संभावना है कि फरवरी के पहले पखवाड़े में काम पूरा हो जाएगा।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज से नदी मोड़ तक सडक़ की दोनों ओर लगभग 8 किलोमीटर तक 430 पोल लगाए जाने हैं। वहीं पोल लगाने का काम लगभग पूरा हो गया है। साथ ही इन पोल में विद्युत केबल डालने का काम भी साथ-साथ चल रहा है। वर्तमान गति से काम चले तो 15 फरवरी तक काम पूरा हो जाएगा। शहर के बरोंडा चौक से चौपाटी तक और बिठोबा टॉकिज से मुक्तिधाम तक का ट्यूबलर पोल लगाकर मार्ग को रोशन किया गया है। यह सडक़ें दूधियारोशनी से जगमगा रही हैं। उसी तर्ज पर नदी मोड़ से मेडिकल कॉलेज तक पसरा अंधेरा दूधिया रोशनी से रोशन होने वाला है। नदी मोड़ से मेडिकल कॉलेज के बीच अंधेरा होने के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। यहां पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। जिनमें कुछ मौतें भी हुई है। बीते साल बेलसोंडा के पास सडक़ दुर्घटना में 2 युवाओं की मौत हुई थी। वहीं कुछ माह पूर्व इसी मार्ग पर मेडिकल कॉलेज के पास एक युवती और उनकी मां की मौत हुई है।