महासमुन्द
पिछले साल से 2189 परीक्षार्थी कम हुए
महासमुंद,18जनवरी। महासमुंद जिले में सीजी 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा 2023-24 के लिए इस बार एक भी परीक्षा केंद्र बढ़ाए नहीं गए हैं। इससे पूर्व के वर्ष एक और उससे पूर्व दो परीक्षा केंद्र बढ़ाए गए थे। बीते साल की अपेक्षा इस बार दसवीं बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले 995 परीक्षार्थी बढ़े हैं। वहीं, बारहवीं में 2189 परीक्षार्थी कम हो गए हैं। इस तरह बोर्ड परीक्षा में इस साल 1194 परीक्षार्थियों की संख्या घटी है।
मालूम हो कि सीजी बोर्ड कक्षाओं की वार्षिक परीक्षा इस साल एक मार्च से शुरू होगी। दसवीं का पहला पेपर दो मार्च को है जिसे लेकर तैयारी में जुट गए हैं। दसवीं की बोर्ड परीक्षा में 14 हजार, 151 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
छमाही परीक्षा परिणाम को लेकर जिन स्कूलों के परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत बेहद ही कमजोर रहा, उन्हें पढ़ाई पर फोकस करने को कहा गया है। स्कूलों में प्रैक्टिकल एग्जाम शुरू हो गए हैं। बच्चे इसकी तैयारी में लगे हुए हैं। साथ ही वार्षिक परीक्षा के लिए भी तैयारी को अंतिम रूप दे रहे हैं। हालांकि प्री बोर्ड परीक्षा के लिए अभी तक असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
जिला शिक्षा अधिकारी मीता मुखर्जी कहती हैं-बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्र बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं भेजा गया था। इसलिए बीते साल की तरह ही 114 केंद्रों में बोर्ड परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं प्री बोर्ड परीक्षा लेने के संबंध में अभी तक शासन से किसी प्रकार का निर्देश नहीं मिला है। वैसे समय रहा तो प्री बोर्ड की परीक्षा आयोजित की जा सकती है।