महासमुन्द

महासमुंद ने धान खरीदी का रिकार्ड तोड़ा
18-Jan-2024 3:33 PM
महासमुंद ने धान खरीदी का रिकार्ड तोड़ा

बंपर आवक से 31 जनवरी तक खरीदी 1 करोड़ क्विंटल से ऊपर जाने की उम्मीद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,18 जनवरी। प्रदेश में धान खरीदी को लेकर शुरू से अव्वल चल रहे महासमुंद जिले ने गत वर्ष की खरीदी का रिकार्ड तोड़ते हुए खरीदी आज अब तक के सबसे उच्च स्तर पर जा पहुंची है। जबकि खरीदी के लिए अभी 10 दिन और शेष है। गत वर्ष 16 जनवरी तक जिले में 8 लाख, 24 हजार, 043 एमटी धान खरीदा गया था। जबकि इस वर्ष 16 जनवरी 2024 तक 8 लाख, 35 हजार, 262 एमटी धान खरीदा जा चुका है।

धान खरीदी प्रति एकड़ 21 क्विंटल किए जाने तथा धान की अधिक मिलने की आस में इस बार सोसायटियों में धान की बंपर आवक बनी रही। इन दिनों कहीं तेज तो कहीं सामान्य आवक है। आवक बढऩे के कारण खरीदी एजेंसी मार्कफेड और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारी खासे चिंतित हैं। खरीदी लिमिट प्रति एकड़ हो रही है। प्रदेश में इस समय धान खरीदी में महासमुंद प्रथम, बेमेतरा दूसरे और बलौदाबाजार तीसरे स्थान पर चल रहा है।

खरीदी की तारीख बढऩे के बाद 230804 हेक्टेयर पंजीकृत रकबे में से अधिकतम 96 प्रतिशत रकबे का आधार माना जाये तो अधिकतम 1 करोड़, 14 लाख, 92 हजार, 942 क्विंटल धान खरीदी अंत तक होने का अनुमान है। जबकि अभी तक 84 लाख, 52 हजार 620 क्विंटल धान ही खरीदा गया है। शेष करीब 31 लाख, 40 हजार, 322 क्विंटल धान के आवक होने का अनुमान है। आगामी 31 जनवरी 2024 धान खरीदी की अंतिम तिथि है। छुट्टियों को काटकर मात्र 8 दिन ही धान खरीदी हो सकेगी।

खरीदी में तेजी के साथ साथ धान का उठाव भी सभी सोसायटियों में तेजी से हो रहा है। खरीदे गए धान का 82 प्रतिशत तक उठाव आज तक हो चुका है और 95 प्रतिशत डीओ काटे जा चुके हैं। मिलर्स तेजी से उठाव में जुटे हुए हैं। धान खरीदी के शुरूआती दिनों में राइस मिल मालिकों ने कस्टम मिलिंग के लिए अनुबंध नहीं किया था। तब जिला प्रशासन ने 9 लाख क्विंटल धान दूसरे जिलों को कस्टम मिलिंग के लिए दे दिया था। रायपुर जिले को 1 लाख, रायगढ़ को 2 और सक्ती व जांजगीर.चांपा जिले को 3.3 लाख क्विंटल धान दिया गया था। बाद में मिलरों ने प्रशासन से कहा था कि जिले के मिलर्स पूरे धान की मिलिंग कर लेंगे। अत: दूसरे जिले को यहां का धान नहीं दिया जाए।

इस तरह पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी महासमुंद जिला धान खरीदी को लेकर प्रदेश में सबसे आगे चल रहा है। गत वर्ष आज की तारीख तक जिले में 82 लाक, 40 हजार 430 क्विंटल धान खरीदा जा चुका था। इस आंकड़े को बीते 16 जनवरी को पार कर लिया है। 16 जनवरी की शाम तक जिले में 83 लाख, 52 हजार 620 क्विंटल धान खरीदा जा चुका था। यह आंकड़ा जिले में अब तक की सर्वाधिक खरीदी का है। 31 जनवरी तक खरीदी 1 करोड़ क्विंटल से ऊपर जाने की उम्मीद है। बंपर आवक और एक-एक दाना धान खरीदने की सरकार की मंशा को देखते हुए खरीदी तिथि आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद की जा रही है। प्रदेश में इस समय धान खरीदी में महासमुंद प्रथम, बेमेतरा दूसरे और बलौदाबाजार तीसरे स्थान पर चल रहा है।


अन्य पोस्ट