महासमुन्द

पंचायतों की मूलभूत राशि से हो रहा भाजपा का प्रचार -विनोद
16-Jan-2024 3:43 PM
पंचायतों की मूलभूत राशि से हो रहा  भाजपा का प्रचार -विनोद

महासमुंद,16जनवरी। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने प्रदेश के भाजपा सरकार द्वारा निकाली जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा पर जमकर निशाना साधा है।

उन्होंने जारी विज्ञप्ति में कहा कि सरकार को अपने कार्यक्रमों-योजनाओं का प्रचार करना चाहिए, लेकिन इसमें सरकार का नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन का प्रचार हो रहा है। इसके लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा की वाहवाही की जा रही है। सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी इस कार्यक्रम में लगाए जाने से शासकीय दफ्तरों में पहुंच रहे फरियादियों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। श्री चंद्राकर ने कहा कि भाजपा के इस संकल्प यात्रा का लाभ आम जनता को मिलता नहीं दिख रहा है। इस कार्यक्रम में शासकीय योजनाओं का नहीं बल्कि भाजपा का प्रचार किया जा रहा है। उपर से शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों का भी दुरुपयोग हो रहा है। यदि, यह प्रचार अच्छे संदर्भ में किया जाता तो आम जनता को उसका लाभ मिलता। लेकिन सरकार की विकसित भारत संकल्प यात्रा ना होकर भारतीय जनता पार्टी की प्रचार यात्रा बन गई है। इस यात्रा के माध्यम से गांवों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें टेंट, माइक, साउंड सहित काफी तामझाम किया जा रहा है, उक्त आयोजन का पूरा खर्च पंचायतों को वहन करने दबाव डाला जा रहा है। पंचायतों की मूलभूत राशि को इसमें खर्च करवाया जा रहा है। अनैतिक रूप से दबाव पूर्वक राशि खर्च करवाने से पंचायत प्रतिनिधि परेशान हैं, तथा भाजपा के इस विकसित भारत यात्रा को कोस रहे हैं।

श्री चंद्राकर ने कहा कि जिम्मेदारों को स्पष्ट करना चाहिए कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य क्या है। यह यात्रा राज्य शासन की योजना है तो प्रोटोकाल का पालन क्यों नहीं किया जा रहा? और शासकीय ना होकर किसी पार्टी विशेष का है तो उसमें शासकीय कर्मचारियों की ड्यूटी क्यों लगाई जा रही? विकसित भारत संकल्प यात्रा के आयोजन हेतु शासन द्वारा कितनी राशि जिले एवं ग्राम पंचायतों को आबंटित की गई।


अन्य पोस्ट