महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 जनवरी। महर्षि दयानंद सरस्वती के 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में आर्ष ज्योति गुरुकुल आश्रम कोसरंगी में रविवार को 200 कुंडीय महायज्ञ हुआ। वेद मंत्रों से पूरा गुरुकुल गूंज उठा।
गुरुकुल कोसरंगी और आम सेना के ब्रह्मचारियों ने पवित्र वेद मंत्रों का उच्चारण किया, वहीं कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भारतीय संस्कृति वैदिक संस्कृति में विश्वास करने वाले लोग शामिल हुए। सुबह 10 बजे से यज्ञ शुरू हुआ, जो करीब एक घंटे तक चला। एक हजार से अधिक लोगों ने एक साथ पवित्र वैदिक अग्नि में वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ आहूति दी। इसके बाद आए हुए अतिथियों का उद्बोधन हुआ। वहीं साइंस कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। इससे पहले शनिवार को गुरुकुल आश्रम कोसरंगी की 21 वीं स्थापना दिवस पर हवन हुआ। फिर महासमुंद नगर भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर के चौक.चौराहों में ब्रह्मचारियों द्वारा हैरत अंगेज करतब का प्रदर्शन किया गया। वहीं रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।