महासमुन्द
एक साथ दर्जनों चूल्हे में भोजन पकता रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 जनवरी। पंचकोशी परिक्रमा में पहुंचे पदयात्रियों ने कल मकर संक्राति पर बम्हनी स्थित श्वेतगंगा परिसर में पड़ाव डाला। करीब 17 सौ के आसपास पहुंचे इन पदयात्रियों में कई ऐसे थे जो 20-25 वर्षों से लगातार पदयात्रा में शामिल हो रहे हैं, वहीं ऐसे भी पदयात्री थे जो पहली बार इस पदयात्रा में शामिल हुए। सभी पदयात्री लफंदी स्थित आश्रम व लोमस आश्रम के सिद्धेश्वरानंद के मार्गदर्शन में भाग ले रहे हंै।
पता चला कि पदयात्री दिन में केवल एक समय ही भोजन करते हैं और एक दूसरे का नाम नहीं लेते हुए सियाराम संबोधित करते है। कल बम्हनी में जहां इनका पड़ाव था, एक साथ दर्जनों चूल्हे जल रहे थे। सभी ने साथ खाना खाया। यह बिल्कुल पुराने समय में आयोजित होने वाले मेला जैसा था। जब लोग बैलगाड़ी में सवार होकर मेला जाया करते थे और वहीं भोजन बनाकर खाया करते थे। पंचकोशी परिक्रमा में भी यह नजारा कल दिखा। भोजन में तिंवरा भाजी, चना भाजी की डिमांड ज्यादा थी।
गौरतलब है कि जहां-जहां पंचकोशी परिक्रमा का पड़ाव पड़ता है, वहां-वहां ऐसा देखने के लिए मिलता है। बम्हनी में भी यह दृश्य लोगों को आकर्षित करते रहा। पंचकोशी परिक्रमा करने वाले स्वयं अपना भोजन पकाने का सामान, भोजन सामग्री और ईंधन के रूप में लकड़ी लेकर चलते हैं। यहां किसी के चूल्हे में तीन लोगों का भोजन बन रहा था, तो कोई आठ, दस, पंद्रह लोगों का भोजन बनाने में जुटा हुआ था। सभी एक दूसरे का सहयोग करते दिखे। कोई पानी ला रहा था, तो कोई सब्जी सुधारने में हाथ बंटाने में सुख का अनुभव कर रहा था। अधिकांश चूल्हे पर मिक्स वेज की सब्जियां बन रही थी। आलू, भांटा, गोभी, मटर,मुनगा, सोयाबीन बड़ी, पालक के साथ ही तिंवरा और चना भाजी की सब्जियां तैयार हो रही थी।
जानकारी के मुताबिक स्वामी सिद्धेश्वरानंद 1984 से प्रतिवर्ष पंचकोशी परिक्रमा का आयोजन करते हंै। यह पंचकोशी परिक्रमा छग का इकलौता आयोजन है जो पूरे पूरे छग में एक मात्र पटेवा के पटेश्वरनाथ से शुरू होकर चंपारण, बम्हनी, फिंगेश्वर,कोपरा, लफिंदी व कुलेश्वर पहुंचकर समाप्त होता है। मंदिर परिसर में बम्हेश्वरनाथ ट्रस्ट कमेटी की ओर से स्वामी सिद्धेश्वरानंद व उनके साथ पहुंचे साधुवृंद तथा नगर पुरोहित पंकज तिवारी का शाल, गमछा भेंटकर सम्मान किया गया। मौके पर आशीर्वचन देते हुए स्वामी सिद्धेश्वरानंद ने कहा कि पहले अलग-अलग टोलियों में अलग-अलग समय पर पंचकोशी परिक्रमा में यात्री शामिल होते थे। कोई मकर संक्राति के अवसर पर, कोई छेरछेरा पुन्नी तो कोई अपनी सुविधानुसार कभी भी पंचकोशी यात्रा पर निकल पड़ते थे।
उन्होंने कहा कि इसे एक सूत्र में बांधने के लिए प्रतिवर्ष 12 जनवरी ने यात्रा प्रारंभ करने का कार्यक्रम बनाया। शुरूआत में थोड़ी दिक्कते हुई। बाद में लोग जुड़ते गए। उन्होंने कहा यहां निकलने वाले पंचकोशी परिक्रमा छग का इकलौता परिक्रमा है। जैसे उज्जैन, कांशी, अयोध्या तथा नर्मदा में परिक्रमा की जाती है। उसी तरह वृंदावन में 84 कोस की यात्रा का विधान है। इसी तरह यहां आयोजन किया जा रहा है।
इस मौके पर मंदिर ट्रस्ट कमेटी के सर्वराकार डा.संतोष अग्रवाल, होरीलाल पाण्डेय, सुखीराम साहू, किशन अग्रवाल, सूर्या महाराज, मासूम पाण्डे, कृष्ण कुमार,लोमसिंह साहू, हिम्मतराम पंचकोशी, गोपाल, प्रदीप, विजय गोस्वामी, रेवाराम, रामा, शोमनाथ, रतनू ध्रुव, परशुराम ध्रुव आदि उपस्थित थे। सम्मान उपरांत खिचड़ी का प्रसाद वितरण किया गया।