महासमुन्द

राजस्व वसूली में पिछड़ रही महासमुंद नपा सख्त, बकाएदारों का नाम सार्वजनिक कर नल कनेक्शन काटेगी
15-Jan-2024 2:46 PM
राजस्व वसूली में पिछड़ रही महासमुंद  नपा सख्त, बकाएदारों का नाम सार्वजनिक कर नल कनेक्शन काटेगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 जनवरी।
टैक्स वसूली में पिछडऩे के बाद नगर पालिका प्रशासन ने अब बकायदारों के खिलाफ  सख्त रवैया अपनाने का निर्णय लिया है। बहरहाल करोड़ों में टैक्स बकाया होना नगर पालिका के लिए सिरदर्द बना हुआ है। अत: इस परेशानी के हल के लिए पालिका प्रशासन अब चार चरणों में कार्रवाई करने जा रही है।

पहले चरण में बकायेदारों को नोटिस जारी किया जाना है जो कि वर्तमान में चल रहा है। दूसरे चरण में बकायदारों का नाम सार्वजनिक किया जाएगा। जगह-जगह उनके नाम चस्पा किए जाएंगे। तीसरे चरण में नल कनेक्शन काटा जाएगा। वहीं चौथे चरण में कलेक्टर से चर्चा कर बिजली काटने की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक लगातार राजस्व वसूली में पिछड़ रही नगर पालिका अब एक्शन मोड में आ गई है। वित्त वर्ष 2023.24 खत्म होने में तीन माह से भी कम समय बाकी है। ऐसे में पालिका पर राजस्व वसूली में तेजी लाने का दबाव है। इससे पहले भी नगर पालिका  द्वारा रजस्व वसूली के संबंध में सख्त निर्णय लिए गए थे। इस बार भी वित्त वर्ष समाप्ति की ओर है ऐसे में वसूली तेज करना पालिका के लिए आवश्यक हो गया है।

महासमुंद नगर पालिका में बड़े बकायदारों की बात तो दूर यहां के लोग डोर-टू-डोर कचरा उठाने पर लिए जाने वाले यूजर चार्ज का भुगतान भी नहीं कर रहे हैं। सबसे कम टैक्स में यूजर चार्ज ही आता है। जिसे वसूलने में भी पालिका का पसीना छूट रहा है। ऐसे में बड़े बकायदारों से वसूली करना पालिका के लिए चैलेंज साबित होने वाला है।

नगर पालिका के राजस्व वसूली की बात की जाए तो सबसे ज्यादा बकाया जलकर और संपत्तिकर में है। पालिका से मिली जानकारी के अनुसार पिछला और वर्तमान वित्तीय वर्ष का मिलाकर जलकर 3.46 करोड़ रुपए वसूलने हैं। जिसमें से केवल 32.59 लाख की वसूली हुई है। अभी भी करीब 3.13 करोड़ रुपए जलकर बकाया है। वहीं संपत्तिकर की बात की जाए तो कुल मांग 1.62 करोड़ रुपए है। जिसमें से केवल 13.60 लाख की वसूली हुई है और करीब डेढ़ करोड़ रुपए बकाया है। कुल बकाया से तुलना की जाए तो उक्त दोनों बकाया करीब 70 प्रतिशत हैं।

राजस्व वसूली के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी टॉमसन रात्रे ने बताया कि राजस्व वसूली की कमजोर स्थिति को देखते हुए अब सख्त निर्णय लिए गए हैं। पहले चरण में बकायेदारों को नोटिस जारी किया जा रहा है। दूसरे चरण में बकायदारों का नाम सार्वजनिक किया जाएगा। तीसरे चरण में नल कनेक्शन काटा जाएगा। चौथे चरण में कलेक्टर से चर्चा कर बिजली काटी जाएगी। कोशिश की जा रही है कि अब शेष समय में अधिक से अधिक राजस्व वसूली की जाए।


अन्य पोस्ट