महासमुन्द

रामोत्सव : मानस मंडलियों को मिलेगा 5-5 हजार का सहयोग
14-Jan-2024 3:19 PM
रामोत्सव : मानस मंडलियों को मिलेगा 5-5 हजार का सहयोग

विकासखण्ड स्तर पर व्यवस्था के लिए 25 हजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,14जनवरी।
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में आयोजित श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा.रामोत्सव के मद्देनजर राज्य भर में भव्य रूप से भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया जाए। यह आयोजन तीन स्तरों में संभागीय जिला एवं विकासखंड स्तर पर होगा। इसके लिए शासन की ओर से विभागीय स्तर पर निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसमें कहा गया है कि छत्तीसगढ़ की पंजीकृत 4700 मानस मंडलियों को 5-5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि 5-5 हजार रुपए के मान से, प्रत्येक विकासखंड में पंजीकृत 5 मानस गायन दलों के लिए प्रोत्साहन राशि एक लाख रुपए के मान से तथा संभाग मुख्यालय में पंजीकृत प्रत्येक संभाग से 5.5 मानस गायन दलों के लिए प्रोत्साहन राशि 5 हजार रूपए के मान से प्रदान किए जायेंगे। इस आयोजन में मानस मंडलियों को जोड़ा जाना है। छत्तीसगढ़ सरकार के निर्णय के अनुसार जिलेवार मानस मंडलियों की सूची और धनराशि का आबंटन संचालनालय, संस्कृति एवं राजभाषा द्वारा सीधे प्रत्येक कलेक्टरों को उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसका शीघ्रता के साथ वितरण किए जाने की बात कही गई है, ताकि भव्य आयोजनों में इन मानस मंडलियों को पूरा उत्सुकता के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा सके। 

 


अन्य पोस्ट