महासमुन्द

उपभोक्ता डिपो अब चौपाटी बनेगा
13-Jan-2024 9:00 PM
उपभोक्ता डिपो अब चौपाटी बनेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 13 जनवरी।
नगर का बहुउपयोगी उपभोक्ता डिपो अब चौपाटी बनेगा। उपभोक्ता काष्ठागार नगर से करीब दो किलोमीटर दूर लहरौद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मुख्य काष्ठागार के समीप बनाया जाएगा। उक्त कार्यों के लिए शुक्रवार को कलेक्टर प्रभात मलिक ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए।

शुक्रवार को नगर में चल रहे विभिन्न कार्यो के निरीक्षण के लिए कलेक्टर महासमुन्द नगर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने नगर में बन रहे गौरव पथ का अवलोकन कर नाली निर्माण के बीच से विद्युत खंभा हटाये बगैर ही नाली को बन्द करते देख अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने गौरव पथ निर्माण गुणवत्ता पूर्ण एवं समय सीमा में ही पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पुरानी बस्ती तालाब सौंदर्यीकरण देखने पहुचे श्री मलिक ने एक विशेष कार्ययोजना बना कर सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा नगर के खिलाडिय़ों के लिए खेल मैदान को विकसित करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत कार्यालय के समीप स्थित आर आई भवन को पुस्तकालय बनाया जाएगा।

उन्होंने बार चौक के समीप स्थित उपभोक्ता काष्ठागार को नगर से 2 किलोमीटर बाहर शिफ्ट कर यहां चौपाटी बनाने अधिकारियों को निर्देशित किया है। कलेक्टर के नगर भ्रमण में उनके साथ एस डी एम हेमंत नन्दनवार मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेंद्र गुप्ता, तहसीलदार  नितिन ठाकुर व जनपद सीईओ श्री चंद्रप्रकाश मनहर मौजूद थे।

उपभोक्ता डिपो हटाना अनुचित-भाजपा
दूसरी ओर नगर विकास के विभिन्न कार्यों के बीच नगर के मध्य स्थित उपभोक्ता डिपो नहीं हटाने की बात भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेश सिंघल ने कही है।श्री सिंघल ने बताया कि आम लोगों को उचित सरकारी दर पर उपभोक्ता डिपो से आसानी से जलाऊ लकड़ी एवं बांस आदि उपलब्ध हो जाते थे, परन्तु अब इसके लिए दो किलोमीटर से अधिक जाना पड़ेगा। उन्होंने इसके लिए स्थानीय विधायक से भी चर्चा करने की बात कही है।


अन्य पोस्ट