महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13जनवरी। विश्व हिन्दी दिवस के अवसर पर आस्था साहित्य समिति महासमुंद ने एस.चन्द्रसेन के निवास स्थान त्रिमूर्ति कालोनी में मातृभाषा का संकट विषय पर संगोष्ठी का आयोजन साहित्यकार आनंद तिवारी पौराणिक के अध्यक्षता में किया। इस अवसर पर अध्यक्षीय आसंदी से श्री तिवारी ने कहा कि भारतीय राष्ट्र की इमारत किसी विदेशी भाषा की नींव पर खड़ी नहीं हो सकती। स्वच्छ और शुद्घ मस्तिष्क महत्वपूर्ण विचारों को मातृभाषा में ही समझ और व्यक्त कर सकता है।
इस अवसर पर श्रीमती एस. चन्द्रसेन ने कहा कि मातृभाषा पीढ़ी पर पीढ़ी विचारों के हस्तांतरण का सशक्त माध्यम है। इसे अक्षुण्ण रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने चिन्ता व्यक्त करते हुये कहा कि आगामी तीन दशकों में अधिकांश भाषाएं समाप्त होने के कगार पर पहुंच जायेगी। इसके लिये न तो हम गंभीर है और न चिन्तित। विचार रखते हुये डॉ.साधना कसार ने कहा कि हमें अपनी भाषाओं पर गर्व होना चाहिये भाषा हमारी अस्मिता की पहचान है। इस अवसर पर सरिता तिवरी, कमलेश कुमार पाण्डेय, सुरेन्द्र अग्निहोत्री, सुजाता विश्वनाथन, एम.आर.विश्वनाथन ने अपने विचार व्यक्त किए। साहित्यकार टेकराम सेन ने संचालन करते हुये कहा कि हिन्दी हमारी राष्ट्रीय गरिमा एवं एकता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि हिन्दी राष्ट्रीय मर्यादा और भारतीयता की सहज अभिव्यक्ति है। हमें सतत हिन्दी के विकास के लिये कार्य करना चाहिये।