महासमुन्द
महासमुंद, 13 जनवरी। विशेष न्यायाधीश महासमुंद लीलाधर सारथी ने गांजा तस्करी के अपराध के लिए बिहार के 2 युवकों को 20 वर्ष की कठोर कैद और 2-2 लाख रुपए अर्थदंड से दंडित किया है।
अभियोजन के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर 10 सितम्बर 2020 को थाना कोमाखान निरीक्षक प्रदीप मिंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम टेमरी फॉरेस्ट नाका पहुंचकर नाकेबंदी की थी। तभी खरियार रोड़ ओडिशा की ओर से ट्रक आया।
ट्रक को रोककर उसमें सवार दो लोगों से पूछताछ की गई। जिस पर एक ने अपना नाम मोहम्मद कलुट मनसुली (45 वर्ष) ग्राम बीबी गंज चकिया भोजपुर बिहार तथा दूसरे ने अपना नाम महेश पासवान (19 वर्ष) चितकुंडी चकिया बिहार बताया। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि मादक पदार्थ गांजा को भवानीपटना ओडि़शा से बिहार के आरा जिला ले जा रहे थे। ट्रक की तलाशी लेने पर डाला में खाली कैरेटों में छिपाये हुये 34 बोरों में भरा 183 पैकेटों में 9.13 क्विंटल गांजा मिला। दोनों के विरूद्ध कोमाखान में धारा 20 ख एनडीपीएस एक्ट के अपराध के लिये न्यायालय ने कल दोनों को 20-20 वर्ष के कठोर कारावास एवं प्रत्येक को 2-2 लाख रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न पटाने पर प्रत्येक को 1 वर्ष की कड़ी कैद पृथक से भुगतने की सजा सुनाई। अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक जितेन्द्र साहू ने पैरवी की।