महासमुन्द

विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में गैरहाजिर 9 अफसरों को नोटिस
12-Jan-2024 2:31 PM
विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर  में गैरहाजिर 9 अफसरों को नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 जनवरी।
विकसित भारत संकल्प यात्रा को हल्के में लेना महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड में पदस्थ 9 अधिकारियों को भारी पड़ गया। ‘छत्तीसगढ़’ में प्रकाशित खबर पर तत्काल संज्ञान लेते हुए  कलेक्टर प्रभात मलिक ने इन अधिकारियों को नोटिस जारी किया है।

कहा जा रहा है कि इन अधिकारियों ने केंद्र सरकार के इस अभियान में भारी कोताही बरती है। ये सभी 9 अधिकारी संकल्प यात्रा के कार्यक्रम से नदारद थे। बड़ी बात यह है कि शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए सांसद चुन्नीलाल साहू और अन्य जनप्रतिनिधि अफ सरों का इंतजार करते रहे, लेकिन प्रशासनिक अमला वहां पहुंचने के लिए समय नहीं निकाल पाया। एक-दो विभाग के अधिकारी नदारद रहते तो बात मामूली होती, लेकिन प्रशासन के 9 महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी शिविर में नहीं पहुंच सके। इस बात पर सांसद ने कड़ी आपत्ति दर्ज की थी। 

जानकारी अनुसार सांसद ने अनुपस्थित अधिकारियों में से कुछ को फोन पर ही फटकार लगाई। साथ ही जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए कि तत्काल सभी को नोटिस जारी करें। इसके बाद वहां से गुस्से में ये कहते हुए निकल गए कि इतने बड़े आयोजन को मजाक बना रखा है। जनता को बुलाकर खुद नदारद हैं। ऐसे अधिकारियों को बता दें कि 15 नवंबर से शुरू हुए विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार और पात्र हितग्राहियों तक इसका लाभ पहुंचाना है। 

कल ‘छत्तीसगढ़’ ने इस खबर को प्रमुखता से स्थान दिया था। खबर के मुताबिक पिथौरा विकासखंड के सीमावर्ती ग्राम नदी चरौदा में बीते 9 जनवरी को विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक शिविर लगा था। इसमें स्कूली बच्चों के साथ गांव के महिला पुरुष पहुंचे हुए थे। इस दौरान मुख्य अतिथि सांसद चुन्नीलाल साहू भी कार्यक्रम में पूर्वान्ह 11.30 बजे पहुंचे। लेकिन जिले के अफसरान वहां नहीं पहुंचे थे। 

सांसद ने देखा कि मौके पर कार्यक्रम प्रभारी केके ठाकुर और मनरेगा शाखा को छोड़ कर किसी भी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित नहीं हैं। अत: सांसद ने इसे अधिकारियों की घोर लापरवाही कहा और उपस्थित प्रभारी अफसर को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कार्यक्रम स्थल से ही कलेक्टर तथा जिला पंचायत सीईओ से फोन पर चर्चा की और वहां की स्थिति बताते हुए लापरवाह अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई करने कहा। देर तक सासंद चुन्नी लाल सााहू अफसरों का इंतजार करते रहे और अंतत: गुस्से में लौट आए। 

‘छत्तीसगढ़’से चर्चा के दौरान सांसद ने इसे अधिकारियों की घोर लापरवाही बताई है। उन्होंने कहा कि विकासखंड के 9 अधिकारियों ने केंद्र सरकार के इस अभियान में कोताही बरती है। वे कार्यक्रम से नदारद रहे। उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए। 

एसडीएम हेमंत रमेश नंदनवार ने बताया है कि ग्राम नदी चरौदा में विकसित भारत संकल्प यात्रा के शिविर में अनुपस्थित रहने वाले विभागों के 9 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे 3 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिन अधिकारियों को नोटिस तलब किया है उनमें नायब तहसीलदार प्रकृति सिंह, सीईओ जपं पिथौरा सीपी मनहर, बीईओ पिथौरा केके ठाकुर, एसडीओ फॉरेस्ट यूआर बसंत, महिला बाल विकास अधिकारी पिथौरा रतन तंवर, एपीओ कृषि विभाग पिथौरा राजेश एक्का, खंड प्रभारी आदिम जाति कल्याण विभाग पिथौरा यूके दास, सहकारिता निरीक्षक एसके डे, सहायक अभियंता पीएचई पिथौरा प्रतीम दास अनंत को नोटिस जारी किया गया है।
 


अन्य पोस्ट