महासमुन्द

राहगीरों पर हमले मामले में नाबालिग गिरफ्तार, अन्य फरार
11-Jan-2024 3:18 PM
राहगीरों पर हमले मामले में नाबालिग गिरफ्तार, अन्य फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जनवरी।
सरायपाली क्षेत्र में विगत कुछ दिनों से शहर के आसपास विभिन्न मार्गों में सुनसान जगहों पर राहगीरों पर हमला व मारपीट करने के मामले में पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार किया है। जबकि इसमें लिप्त 4-5 अन्य आरोपी फरार बताये जा रहे हैं। पुलिस सभी फरार आरोपियों की पतासाजी कर रही है। 

मालूम हो कि सप्ताह भर पूर्व से सरायपाली शहर के पास सारंगढ़ मार्ग, झिलमिला से बैतारी चौक के बीच सूनेपन का फायदा उठाकर कुछ उपद्रवी तत्वों के द्वारा मार्ग से गुजरने वाले लोगों पर अकारण हमला किये जाने की घटनाएं सामने आ रही थी। जिससे क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल बन गया था। लगातार इन घटनाओं को देखते हुए थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 506, 323, 327, 34 के तहत अपराध कायम किया गया था।

पुलिस अधीक्षक महासमुंद राजेश कुकरेजा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे एवं एसडीओपी सरायपाली अभिषेक केशरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी व उनकी टीम के द्वारा लगातार आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी कड़ी में कल मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक 17 वर्षीय अपचारी बालक को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक रिमांड में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा है। मामले में कुछ अन्य आरोपियों के भी लिप्त होने की जानकारी मिली है। जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद विगत दो-तीन दिनों से इस तरह की घटनाएं भी सामने नहीं आयी है। थाना प्रभारी श्री तिवारी ने बताया कि लगातार इन घटनाओं की शिकायतें मिल रही थी। जिस पर पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे के लिए अभियान छेड़ा था। इस मामले में एक नाबालिग पकड़ा गया है और 4-5 अन्य लोग भी इसमें शामिल होने की जानकारी मिली है। जो अभी फरार हैं। 
पुलिस द्वारा उनकी भी पतासाजी जारी है। 
 


अन्य पोस्ट