महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जनवरी। महर्षि दयानंद सरस्वती के 200वीं जयंती के अवसर पर गुरूकुल आश्रम कोसरंगी में 200 कुंडीय हवन किया जाएगा। इस आयोजन में आम नागरिकों को भाग लेने की अपील गुरूकुल आश्रम के सुरेश कुमार शास्त्री ने की है।
उन्होंने बुधवार की दोपहर एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर बताया कि महर्षि दयानंद सरस्वती की 200 वीं जयंती को दो साल से जोरशोर से मनाया जा रहा है। दो दिवसीय आयोजन के तहत 13 जनवरी को 9 से 10 बजे तक प्रारंभिक हवन होगा। पूर्वान्ह 11 बजे से 1.30 बजे तक उदघाटन सत्र के बाद भोजन और 3 से साढ़े 5 बजे तक महासमुंद नगर में गुरूकुल आश्रम के विद्यार्थियों द्वारा नगर भ्रमण किया जाएगा। रात्रि में गुरूकुल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन है।
इसी तरह 14 जनवरी को मुख्य कार्यक्रम के रूप में सुबह 9 बजे से पूर्वान्ह 11 बजे तक यज्ञ हवन के बाद अतिथियों का महर्षि दयानंद सरस्वती के शिक्षा पद्धति पर उदबोधन होगा। उन्होंने बताया कि गुरूकुल सनातन, संस्कृति के रूप में शुरू से विद्या का केंद्र रहा है जहां बाल्यकाल में ही गुरूकुल में शिक्षा अध्ययन के बाद जीवन शैली का प्रारंभ करते रहे हंै। इस गुरूकुल पद्धति को महर्षि दयानंद सरस्वती ने जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने अपना पूरा जीवन छूआछूत मिटाने के लिए न्यौछावर कर दिया।
पूछे गए सवालों पर उन्होंने कहा कि यज्ञ परिसर में गुरूकुल आश्रम पहुंचने वाले सभी व्यक्ति भाग ले सकते हैं। चर्चा के दौरान तिलक साव, बद्रीनारायण लड्ढा भी मौजूद थे। (पत्रकार वार्ता के दौरान गुरूकुल आश्रम में अध्ययन कर रहे ब्रम्हचारी शानू ने प्रदर्शन कर पत्रकारों के कार्ड में लिखे प्रेस का नाम बताया। गुरुजनों ने बताया कि दो वर्षों की कठिन और नियमित साधना से इन्होंने वह शक्ति अर्जित कर ली है कि आंख बंदकर स्पर्श मात्र से किसी वस्तु के ज्ञात-अज्ञात की जानकारी स्पर्श और सूंघकर बता सकते हैं। वे कार्ड या नोट के नंबर और कितने रुपए का नोट तथा कार्ड में क्या लिखा है,केवल स्पर्श कर ही बता सकते हैं।)