महासमुन्द

संकल्प शिविर में अफसरों की गैरमौजूदगी, बैरंग लौटे सांसद
10-Jan-2024 7:47 PM
संकल्प शिविर में अफसरों की गैरमौजूदगी, बैरंग लौटे सांसद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 पिथौरा, 10 जनवरी। विकासखण्ड के ग्राम पंचायत नदी चरौदा में आयोजित संकल्प शिविर से सांसद चुन्नीलालसाहू को अफसरों की अनुपस्थिति के कारण बैरंग ही लौटना पड़ा। संकल्प शिविर की अफसरों द्वारा की जा रही अनदेखी की शिकायत सांसद द्वारा शिविर स्थल से ही कलेक्टर एवं जिला सीईओ से कर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

 प्रदेश भर में भाजपा द्वारा ग्रामीणों को केंद्र की योजनाओं के प्रचार प्रसार एवं सरकारी योजनाओं का ग्रामीणों को लाभ देने के लिए सभी ग्राम पंचायतों में संकल्प शिविर लगा कर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण भी किया जा रहा है। मंगलवार को जिले के पिथौरा विकासखण्ड के ग्राम नदी चरौदा में भी संकल्प शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर में महासमुन्द के सांसद चुन्नीलाल साहू मुख्य अतिथि थे। श्री साहू कार्यक्रम में दोपहर को पहुंचे थे, परन्तु ग्रामीणों एवं स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार उनके पहुंचने तक शिविर में कोई दर्जन भर स्कूली बच्चे ही दिखाई दिए।

शिविर में विभिन्न विभागों के स्टाल तो थे, परन्तु इनमें मात्र मनरेगा को छोडक़र किसी भी स्टाल में कोई भी अधिकारी कर्मचारी नहीं थे। शिविर में अफसरों की लापरवाही देख कर सांसद भडक़ गए। उन्होंने तत्काल शिविर स्थल से ही कलेक्टर एवं जिला सीइओ से इसकी शिकायत कर कार्यवाही के निर्देश दिए, परन्तु अफसरों एवं ग्रामीणों की अनुपस्थिति के कारण श्री साहू को बैरंग ही शिविर से वापस लौटना पड़ा।

शिविर से ज्यादा महत्व टीएल बैठक को

शिविर में अधिकांस अफसरों की अनुपस्थिति के बारे में चर्चा है कि अफसर मंत्री विधायक या संसद के कार्यक्रम से ज्यादा महत्व टीएल बैठक को देते हंै। लिहाजा मंगलवार को टीएल बैठक के कारण अफसरों ने कलेक्टर की बैठक के कारण शिविर का त्याग करना मुनासिब समझा।

सभी को सूचना थी-नोडल

नदी चरौदा में आयोजित संकल्प शिविर के नोडल अधिकारी के के ठाकुर ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि मंगलवार के कार्यक्रम की नियमानुसार जानकारी सभी विभाग के अफसरों को थी। वे शिविर में क्यों नहीं आये, इसके बारे में मुझे पता नहीं, परन्तु मैं स्वयं समय से पूर्व शिविर स्थल पहुंच कर व्यवस्था में लगा था।

जनपद के सभी मौजूद थे—सीईओ

स्थानीय जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्रप्रकाश मनहर ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि नदी चरौदा के संकल्प शिविर में उनके विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित थे।  ज्ञात हो कि शिविर प्रारम्भ होने के समय से काफी विलम्ब से सांसद पहुचे थे, परन्तु उनके वहां पहुंचने के समय तक मनरेगा छोड़ कर कोई भी विभाग के अधिकारी कर्मचारी शिविर में नहीं पहुचे थे, परन्तु स्थानीय सीईओ का दावा ग्रामीणों एवं शिविर में उपस्थित सांसद के दावे से विपरीत है।


अन्य पोस्ट