महासमुन्द
4 साल प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 जनवरी। पार्षद चुनाव को शून्य करने की खिलावन बघेल की याचिका को निरस्त करते हुए न्यायालय ने पार्षद देवीचंद राठी को निर्दोष साबित किया है। पार्षद चुनाव संपन्न होने के बाद विजयी श्री राठी को हटाने के लिये कांग्रेस प्रत्याशी खिलावन बघेल द्वारा 24 जनवरी 2020 को न्यायालय में चुनाव को शून्य घोषित करने याचिका दायर की गई थी। जिस पर प्रत्याशी का तर्क था कि नवनिर्वाचित पार्षद देवीचंद राठी ने शपथ पत्र में चल-अचल संपति की झूठी जानकारी, दांडिक प्रकरणों की अपूर्ण जानकारी एवं वार्ड 4, 5, 6 के मतदाताओं से फर्जी मतदान का आरोप लगाया था, लेकिन वे इसे सिद्ध नहीं कर पाये और 4 साल के मुकदमे के बाद देवीचंद विजयी हुए।
कल पार्षद श्री राठी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि लगभग 4 साल प्रकरण तक न्यायालय में विचाराधीन रहा। जनवरी 2024 को जिला न्यायालय के न्यायाधीश भीष्मप्रसाद पांडेय ने अपना फैसला सुनाते हुए कांग्रेस प्रत्याशी की याचिका को खारिज किया। इस प्रकार पार्षद देवीचंद राठी को इस चुनावी सत्र में दोबारा विजय न्यायालय के माध्यम से हुआ।
याचिकाकर्ता ने देवीचंद राठी पार्षद के खिलाफ जो आरोप लगाये व निराधार रही। प्रत्याशी श्री राठी की ओर से जिला न्यायालय में अधिवक्ता चन्द्रशेखर सोनी ने पैरवी की तथा याचिकाकर्ता के सभी आरोपों को झूठा साबित किया।
कोर्ट ने इस मामले में आदेश करते हुये कहा है कि युक्तियुक्त रूप से साक्ष्य के प्रमाणित नहीं किये जाने पर याचिकाकर्ता स्वयं का तथा देवीचंद राठी की याचिका का वाद व्यय वहन करेगा। अधिवक्ता शुल्क प्रमाणित होने पर नियमानुसार जो भी कमी हो देय होगी।
कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी ने पीठासीन अधिकारी सहित 10 लोगों को पक्षकार बनाया था, जिसमें इसी वार्ड के 8 पार्षद प्रत्याशी थे, लेकिन कोर्ट में कभी भी पेशी में उपस्थित नहीं होने के कारण कोर्ट ने सभी 9 अनावेदकों को एक पक्षीय घोषित किया, केवल पार्षद देवीचंद राठी ही कोर्ट में अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होते थे। प्रेसवार्ता के दौरान मीना वर्मा, मुन्ना देवार, हफीज कुरैशी, महेन्द्र सिक्का, मनीष शर्मा, राहुल चंद्राकर उपस्थित थे।