महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 जनवरी। अवैध रूप से गांजा परिवहन के मामले में आरोप दोष सिद्ध होने पर एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायाधीश लीलाधर सारथी ने आरोपी ओडिशा के मरसागई थाना क्षेत्र के ग्राम सनगना निवासी संजय सामल को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 2 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर 1 वर्ष का सश्रम कारावास पृथक से भुगतना होगा।
अभियोजन के अनुसार कोमाखान थाना के निरीक्षक सिद्धेश्वर प्रताप सिंह 19 जुलाई 2021 को वाहन चेकिंग करने स्टाफ के साथ फारेस्ट नाका टेमरी गए थे। उसी दौरान बोलेरो वाहन आया। चालक से पूछने पर गोलमोल जवाब देने लगा। जब उनसे दोबारा पूछताछ की गई तो पत्ता गोभी और आलू की बोरियों के साथ गांजा होना बताया। आरोपी ने अपना नाम संजय सामल बताया। गवाहों के समक्ष वाहन की तलाशी लेने पर 15 नग बोरियों में मादक पदार्थ गांजा मिला तथा डाला में बने चेंबर से भी गांजा मिलने पर तौल कराया गया। जिसमें 7 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। एनडीपीएस की धारा 20 ख, 2, ग का अपराध दर्ज कर विवेचना उपरांत मामला कोर्ट को सौंपा गया था। बरामद 7 सौ किलोग्राम गांजा व्यवसायिक मात्रा से 20 गुना अधिक था। अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक जितेंद्र साहू ने पैरवी की।