महासमुन्द
यहां हर हाल में हादसों में कमी लाने के लिए 15 जनवरी से सडक़ सुरक्षा माह मनाने का फैसला लिया गया है
महासमुंद, 9 जनवरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश की 49 प्रतिशत सडक़ दुर्घटनाएं केवल 7 जिलों में हो रही हैं जिनमें महासमुंद भी शामिल है। यहां साल 2023 में सडक़ दुर्घटनाओं में 2022 के मुकाबले 5.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जिनमें 293 लोगों ने जान गंवाई है।
मिली जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिले में साल 2021 में 471 सडक़ हादसों में 261 लोगों ने जान गंवाई थी और 381 लोग घायल हुए थे। साल 2022 में 457 दुर्घटनाओं में 274 की मौत हुई और 350 लोग घायल हुए थे। वहीं 2023 में दुर्घटना की संख्या 482 रही। जिसमें 293 लोगों ने जान गंवाई और 407 लोग घायल हुए।
इन्हें रोकने ठोस कदम उठाने के लिए शनिवार को मंत्रालय में मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने राज्य सडक़ सुरक्षा परिदृश्य की बैठक ली। उन्होंने हर हाल में हादसों में कमी लाने के लिए 15 जनवरी से सडक़ सुरक्षा माह मनाने का फैसला लिया है। साथ ही ब्लैक स्पॉट सुधार की रणनीति, जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन, शार्ट फिल्मों का स्कूलों में दिखाने, नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई जैसे उपायों करने के निर्देश दिए। इसके लिए 15 जनवरी से सडक़ सुरक्षा सप्ताह और माह का आयोजन किया जाएगा।
घनेंद्र ध्रुव यातायात एसडीओपी कहते हंै-किसी भी सडक़ हादसे के बाद उस हादसे का आंकलन करने टीम मौके पर जाती है। इस टीम में पीडब्ल्यूडी, आरटीओ, एनएच के लोग शामिल होते हैं। हादसों के कारणों का पता लगाया जाता है। फिर सुधार के प्रयास होते हैं। सडक़ हादसों के प्रमुख कारणों में सबसे बड़ा कारण ओवरस्पीडिंग का बताया जाता है। वाहन चालकों की लापरवाही अधिकांश मामले में हादसे की वजह रहती है।
इनका मानना है कि हादसों में मौत की प्रमुख वजह घायलों को समय पर इलाज नहीं मिल पाना है। भारी वाहनों में घटना के दौरान मौके पर ही लोगों की मौत हो जाती है। कई बार घटना के बाद लोग पीडि़त को छोडक़र चले जाते हैं। इससे भी व्यक्ति की जान चली जाती है।
हाईवे पर हादसे रोकना कठिन है। लंबी दूरी की गाडिय़ां ओवर स्पीड दौड़ती हैं। लेकिन शहर के अंदर स्पीड पर नियंत्रण से हादसे कम किए जा सकते हैं। अगले सप्ताह से जागरूकता अभियान भी प्रारंभ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महासमुंद जिले में दो राष्ट्रीय राजमार्ग हैं। दोनों हाईवे में 7 ब्लैक स्पॉट और 2 ग्रे.स्पॉट हैं। ब्लैक स्पॉट में एनएच.53 पर पटेवा में छिलपावन चौक से बस स्टैंड झलप तक, बसना क्षेत्र के बिटांगीपाली से कॉलेज पेट्रोल तक, बसना क्षेत्र में ही न्यू गिल ढाबा से साल्हेतराई स्कूल तक ब्लैक स्पॉट है। एनएच.353 पर बागबाहरा क्षेत्र में खोपली पड़ाव, डामर प्लांट फुलवारी चौक मौलीमुड़ा मोड़, पचेड़ा और बागबाहरा में बस स्टैंड गुरुद्वारा तक शामिल हैं। वहीं एनएच.353 पर झालखम्हरिया और एनएच.53 पर कौंआझर कोडार काष्ठागार ग्रे-स्पॉट हैं।