महासमुन्द

बेरोजगारी भत्ता पर भाजपा की नीति स्पष्ट नहीं-विनोद चंद्राकर
08-Jan-2024 4:29 PM
बेरोजगारी भत्ता पर भाजपा की नीति स्पष्ट नहीं-विनोद चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जनवरी।
पूर्व संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने प्रदेश के भाजपा सरकार पर बेरोजगारी भत्ता योजना को षडय़ंत्र पूर्वक बंद करने का आरोप लगाते हुए इसे प्रदेश के 18 से 35 वर्ष के युवाओं के साथ विश्वासघात बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश सरकार को बेरोजगारी भत्ता पर अपनी नीति स्पष्ट करना चाहिए।

श्री चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिक्षित.बेरोजगार युवाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोडऩे के लिए बेरोजगारी भत्ता योजना शुरू की थी। इसके अतिरिक्त युवाओं के लिए कांग्रेस कार्यकाल में लगातार प्लेसमेंट कैंपों का आयोजन भी किया जाता रहा। बेरोजगारी भत्ता पुस्तक खरीदने एवं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने के लिए एक सहारा बना। परीक्षा फॉर्म भरने, अन्य जरूरी सामग्री खरीदने में युवाओं के लिए मददगार साबित हुई। इस योजना के प्रारंभ होने से बहुत सारे समस्याओं का समाधान हुआ तथा युवाओं को छोटे-छोटे चीजों के लिए माता-पिता पर आश्रित नहीं रहना पड़ा।

श्री चंद्राकर ने कहा कि अब युवाओं के हित के इस महत्वपूर्ण योजना को भाजपा सरकार द्वारा बंद कर दिया गया है। युवाओं को आखिरी बार नवंबर.2023 में बेरोजगारी भत्ता की आखिरी किस्त जारी की गई थी। प्रति महीने 2 हजार 500 रुपए प्रदान किए जाने वाले बेरोजगारी भत्ते को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। बेरोजगारी भत्ते पर अभी तक आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है। भूपेश सरकार में प्रदेश के 17 लाख पंजीकृत बेरोजगारों के लिए यह योजना सहारा बना था। आचार संहिता की अवधि में भी योजना का लाभ बेरोजगारों को नवंबर महीने तक मिलता रहा। प्रदेश में बेरोजगारों को आठ महीने में 146 करोड़ रुपये का वितरण किया गया। बारहवीं पास बेरोजगारों को इस योजना के तहत उनके खातों में सीधे 2 हजार 500 रुपए प्रदान की जाती थी। बेरोजगारों को आर्थिक मदद के साथ ही कौशल विकास प्रशिक्षण भी देना था। लेकिन इस महत्वपूर्ण योजना तथा युवाओं के हित में भाजपा के जनप्रतिनिधि, नेता मौन साधे हुए हैं। 
प्रदेश के युवा भाजपा के करतूतों का हिसाब लोकसभा चुनाव में करेगी।
 


अन्य पोस्ट