महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जनवरी। केंद्र सरकार द्वारा पिछले कुछ समय से यात्री ट्रेनों को बार-बार निरस्त करने, लेट लतीफी का क्रम लगातार जारी है। रेल प्रबंधन द्वारा अपनी सुविधा अनुसार ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों से भारतीय रेल आम जनता का भरोसेमंद, सस्ता और सुलभ परिवहन का पर्याय बना हुआ है। बावजूद यात्रियों को पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पा रही है।
पूर्व संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने इसके लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। श्री चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ का अधिकांश रेलवे स्टेशन विकास के नजरियें से काफी पिछड़ा हुआ है। रेलवे की आमदनी में एक बड़ी भागीदारी छत्तीसगढ़ से होती है। रेलवे माल भाड़ा, यात्री भाड़ा व अन्य मद से सबसे ज्यादा राजस्व अर्जित करता है। देश में कोयले के योगदान में सहयोग के बाद भी यात्री सुविधा के नाम पर छत्तीसगढ़ को हमेशा नजर अंदाज किया जाता रहा है।
श्री चंद्राकर ने कहा है कि डबल इंजन का दावा छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए ट्रबल इंजन साबित हो रहा है। देशभर के रेलवे जोन में सबसे ज्यादा राजस्व कमाकर देने वाला छत्तीसगढ़, मोदी सरकार में यात्री सुविधाओं के मामले में सबसे ज्यादा उपेक्षित, वंचित और शोषित हो रहा है।
विकास के लिए डबल इंजन की ताल ठोकने वाले भाजपा नेता बताएं कि आखिर किस बात का बदला छत्तीसगढ़ की जनता से लिया जा
रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के अडानी परस्त नीतियों का खामियाजा छत्तीसगढ़ की जनता भुगत रही है। भाजपा की डबल इंजन सरकार में हसदेव अरण्य के जंगल की कटाई और अडानी के कोयला ढुला रहे मालगाडिय़ोंं को परमानेंट ग्रीन सिग्नल मिल रहा है। जबकि यात्री
गाडिय़ां इरादातन षडय़ंत्र पूर्वक बाधित की जा रही है। मित्रों के मुनाफे के लिए देश के सार्वजनिक उपक्रम और नवरत्न कंपनियों को बेच रही मोदी सरकार की दुर्भावना अब रेलवे की विश्वसनीयता को भी खत्म करके अपने पूंजीपति मित्रों को बेचने की है। तमाम तरह की यात्री सुविधाएं, बुजुर्ग
और छात्रों को दी जाने वाली रियायतें खत्म कर सभी तरह के शुल्क बढ़ा दिए गए हैं। उसके बावजूद आए दिन छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली ट्रेनों को रद्द किया जाना लगातार चालू है। श्री चंद्राकर ने कहा कि भाजपा की नीति व नियत रेलवे को लेकर साफ नहीं है।