महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 जनवरी। महासमुंद में आज नये साल की सुबह ही बड़े छोटे वाहन चालकों ने हड़ताल कर दी है। सभी बसें स्टैंड में खड़ी हैं और ट्रकों, टैक्सियों की आवाजाही बंद है। हिट एंड रन के नए कानून को लेकर देशव्यापी वाहन चालकों के हड़ताल के मद्देनजर महासमुंद में भी बस चालकों ने काम बंद के तहत हड़ताल किया।
बताया जा रहा है कि सडक़ दुर्घटना होने पर किसी मौत के बाद वाहन चालकों को दस साल की सजा और सात लाख रुपए आर्थिक जुर्माना के विरोध में यह हड़ताल शुरू है और जब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो जाता, हड़ताल जारी रहेगी।
इस संबंध में बस एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चंद्राकर का कहना है कि हड़ताल और मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर प्रभात मलिक को सौंप दिया गया।
केंद्रीय परिवहन कानून को लेकर पूरे प्रदेश में विरोध देखने को मिल रहा है। इसी के चलते आज प्रदेश के सभी बस ड्राइवर हड़ताल पर जाने की योजना थी। लिहाजा छत्तीसगढ़ के बस ड्राइवर नए परिवहन कानून को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। बस ड्राइवरों ने बस स्टैंड में गाडिय़ा खड़ी कर दी है। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नए परिवहन कानून के विरोध में बस चालकों के साथ-साथ ऑटो, ट्रक चालक भी शामिल हो गए हैं। सभी चालक नए परिहन कानून में ड्राइवरों के लिए जो नियम लागू किए गए हैं उसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। नए परिवहन कानून के तहत दुर्घटना होने पर यदि ट्रक चालक मौके से भाग जाता है तो उसे 10 साल की सजा व 5 लाख रुपए जुर्माना लगाए जाने का प्रावधान लागू किया गया है।
वाहन चालकों की मानें तो कोई वाहन चालक जानबूझ दुर्घटना नहीं करना चाहता। यदि दुर्घटना हो जाती है तो बड़े वाहन चालक का कसूर बताया जाता है। चालकों से दुर्घटना हो जाती है और वह मौके पर मौजूद रहता है तो भीड़ उसके साथ मारपीट करती है। उनके साथ हिंसक घटना का डर बना रहता है।
भीड़ के रौद्र रूप से बचने के लिए मजबूरीवश चालकों को अपना गाड़ी व सामान छोडकर मौके से भागना पड़ता है।